BJP Core Group Meeting: नब्ज टटोलने के बाद रमन सिंह लौटे दिल्ली, अगले साल होने हैं विधानसभा चुनाव
BJP Core Group Meeting राज्य में अगले विधानसभा चुनाव में 10 महीने से कम समय बचा है। ऐसे में पार्टी हाईकमान सरकार को लेकर विधायकों प्रदेश कोर ग्रुप एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की थाह लेने में जुट गया है।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। BJP Core Group Meeting राज्य में अगले विधानसभा चुनाव में 10 महीने से कम समय बचा है। ऐसे में पार्टी हाईकमान सरकार को लेकर विधायकों, प्रदेश कोर ग्रुप एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की थाह लेने में जुट गया है। शनिवार को दून पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह तथा राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने पहले प्रदेश कोर ग्रुप के साथ बैठक की। फिर विधायकों और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों से मुलाकात कर सरकार की नब्ज टटोली। इसके बाद वह दिल्ली रवाना हो गए।
उत्तरखंड में मंत्रियों और विधायकों में नौकरशाही को लेकर असंतोष के मामले कई मर्तबा सामने आ चुके हैं। यही नहीं मंत्री भी कई दफा रोष का इजहार कर चुके हैं। बाल विकास व महिला सशक्तीकरण राज्यमंत्री रेखा आर्य का विभागीय निदेशक के साथ टकराव का मामला थमा नहीं कि कर्मकार कल्याण बोर्ड के मामले में श्रम मंत्री और सरकार के बीच तलवारें खिंची हुई हैं। मंत्रियों और विधायकों की अहम शिकायत सरकार के अहम फैसलों में उन्हें विश्वास में नहीं लेने को लेकर भी रही है। खासकर हाल ही में गैरसैंण को कमिश्नरी बनाने और उसमें अल्मोड़ा जिले को शामिल करने का विरोध हो रहा है। कुछ भाजपा नेताओं की आपत्ति इसे लेकर भी बताई जा रही है।
मंत्रिमंडल के रिक्त पद, दायित्वधारियों की नियुक्ति को लेकर भी विधायकों की हसरतें पूरी नहीं हो पा रही हैं। चुनाव नजदीक आने पर ये छटपटाहट बढ़ रही है। अब अगले विधानसभा चुनाव की ओर कदम बढ़ा रही सरकार में बढ़ते असंतोष की चर्चाओं को तब और बल मिला जब राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन सिंह एवं प्रदेश प्रभारी व राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम अचानक दून पहुंचे। उन्होंने कोर ग्रुप और विधायकों से तो फीडबैक लिया ही, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तिलक रोड स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचकर संघ के पदाधिकारियों के साथ मंथन किया। बताया जा रहा है कि उन्होंने संघ के क्षेत्रीय कार्यवाह शशिकांत और प्रांत प्रचारक युद्धवीर के साथ तकरीबन दस मिनट तक वार्ता की।
सूत्रों के मुताबिक राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन सिंह ने देहरादून में तकरीबन दस घंटे तक अपनी मौजूदगी के दौरान सरकार, विधायकों और संगठन की थाह ली। इसके बाद वह दिल्ली के लिए रवाना हो गए। भाजपा ने अनुशासित पार्टी की छवि कायम रखी कोर ग्रुप की बैठक से लेकर विधायकों से मुलाकात तथा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के कार्यक्रमों के दौरान भाजपा ने अपनी अनुशासित पार्टी की छवि का पूरा ख्याल रखा।
अतिथिगृह में कोर ग्रुप की बैठक पार्टी कार्यकर्त्ताओं के हुजूम, हुड़दंग या किसी तरह की नारेबाजी से दूर पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में हुई। सियासी माहौल में तैर रही तमाम चर्चाओं के बावजूद राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन सिंह ने अपनी मौजूदगी के दौरान मीडिया से दूरी बनाए रखी। हालांकि सरकार के भीतर हलचल की चर्चा की इंटरनेट मीडिया पर फैलने के बाद कांग्रेस के तमाम नेता भी इस घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए थे।
हवा में तैरते रहे कई नाम
भाजपा राष्ट्रीय पदाधिकारियों की दून में मौजूदगी और कोर ग्रुप की बैठक के दौरान सियासी हलकों में नेतृत्व परिवर्तन और नए मुख्यमंत्री के रूप में कई नाम हवा में तैरते रहे। इनमें कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री डा रमेश पोखरियाल निशंक, सांसद अजय भट्ट और अनिल बलूनी के नाम शामिल रहे।
यह भी पढ़ें- Uttarakhand Budget Session 2021: भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस का सदन में हंगामा
Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें