हरेला पर्व पर राज्य में किया जाएगा पौधरोपण
हरेला पर्व के अवसर पर 16 जुलाई को राज्य में वृहद स्तर पर पौधरोपण किया जाएगा।
राज्य ब्यूरो, देहरादून
हरेला पर्व के अवसर पर 16 जुलाई को राज्य में वृहद स्तर पर पौधरोपण किया जाएगा। कोविड-19 के कारण पौधरोपण कार्यक्रम के स्वरूप में परिवर्तन किया जाएगा।
शुक्रवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने हरेला पर्व पर पौधरोपण के संबंध में बैठक लेते हुए कहा कि इस बार ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक संख्या में पौधरोपण किया जाएगा। सामाजिक दूरी का पालन करते हुए जिला मुख्यालयों में भी पौधरोपण होगा। हरेला पर्व पर संबंधित जिलों के मंत्रियों द्वारा अपने-अपने जिलों में पौधरोपण कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरेला पर्व उत्तराखंड की सास्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। यह पर्व प्रकृति प्रेम तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है। जुलाई महीने में वन विभाग द्वारा भी व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया जाएगा। इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत, कृषि मंत्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव आनंद वर्द्धन, प्रमुख वन संरक्षक जय राज, अपर सचिव उदयराज आदि उपस्थित थे।