मुंबई से सबसे अधिक 172 यात्री पहुंचे दून
लॉकडाउन में घरेलू उड़ानें शुरू होने के बाद अब हवाई यात्रियों की संख्या में वृद्धि होने लगी है। गुरुवार को तय शेड्यूल के मुताबिक जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर सभी सात उड़ानें संचालित हुई। मुंबई से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर पहुंची फ्लाइट में सबसे अधिक 172 यात्री यहां पहुंचे। देर सायं तक छह फ्लाइटों से 339 यात्री यहां पहुंच चुके थे जबकि 23
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश : लॉकडाउन में घरेलू उड़ानें शुरू होने के बाद अब हवाई यात्रियों की संख्या में वृद्धि होने लगी है। गुरुवार को तय शेड्यूल के मुताबिक जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर सभी सात उड़ानें संचालित हुई। मुंबई से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर पहुंची फ्लाइट में सबसे अधिक 172 यात्री यहां पहुंचे। गुरुवार को सात फ्लाइटों से 364 यात्री यहां पहुंच चुके थे, जबकि 242 यात्री यहां से रवाना हुए।
लॉकडाउन में दो माह तक देश भर में घरेलू उड़नें बंद रही। 25 मई से देश में घरेलू उड़नें शुरू कर दी गई थी। हवाई यात्रियों को यात्रा के बाद सात दिन पेड क्वारंटाइन में रखे जाने के नियम के चलते अभी तक हवाई यात्रियों की संख्या कम ही है। गुरुवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर पिछले तीन दिनों की अपेक्षा हवाई यात्रियों की संख्या में कुछ वृद्धि नजर आयी। बीती बुधवार को मुंबई से जौलीग्रांट आने वाली फ्लाइट भी कैंसिल हो गयी थी। मगर, गुरुवार को सभी सात उड़ानें जौलीग्रांट पहुंची। गुरुवार सुबह सबसे पहले एयर इंडिया की फ्लाइट दिल्ली से 17 यात्रियों को लेकर जौलीग्रांट पहुंची। इस फ्लाइट ने यहां से 27 यात्रियों को लेकर पंतनगर के लिए उड़ान भरी और पांच यात्रियों को लेकर वापस जौलीग्रांट पहुंची। इसके बाद दिल्ली से पहुंची स्पाइस जेट के विमान से 50 यात्री व इंडिगो की फ्लाइट से 25 यात्री यहां पहुंचे। गुरुवार को सबसे ज्यादा 172 यात्री मुंबई से इंडिगो की फ्लाइट से देहरादून पहुंचे। जबकि यह फ्लाइट यहां से 29 यात्रियों को लेकर रवाना हुई। दोपहर दो बजे दिल्ली से इंडिगो एयरलाइंस का विमान भी 73 यात्रियों को लेकर जौलीग्रांट पहुंचा। करीब साढ़े सात बजे दिल्ली से एयरपोर्ट पहुंची सातवीं फ्लाइट में 25 यात्री आए और इस फ्लाइट से चार यात्री वापस लौटें। एयरपोर्ट के मैनेजर सुमित सक्सेना ने बताया कि गुरुवार को सात उड़ानों से कुल 364 यात्री जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे, जबकि 242 यात्री यहां से दिल्ली, मुंबई और पंतनगर के लिए रवाना हुए।
-------------
सभी हवाई यात्रियों को संस्थागत क्वारंटाइन के लिए भेजा
हवाई यात्रियों को लेकर अभी तक संस्थागत पेड क्वारंटाइन की व्यवस्था जारी है। हालांकि यहां पहुंचने वाले यात्री लगातार इसका विरोध कर रहे हैं। गुरुवार को भी कई यात्रियों ने पेड क्वारंटाइन में जाने से असमर्थता जताई। इससे पूर्व के संस्थागत क्वारंटाइन किए गए यात्री भी अपनी मजबूरी और लाचारी की बात कहकर पेड क्वारंटाइन की व्यवस्था पर पुनर्विचार करने की मांग कर रहे हैं। मगर, अभी तक इसको लेकर कोई निर्णय नहीं हो पाया है। गुरुवार को भी विभिन्न उड़ानों से जौलीग्रांट पहुंचे हवाई यात्रियों को प्रशासन की टीम ने स्वास्थ्य जांच के बाद संस्थागत पेड क्वारंटाइन के लिए भेजा।
शुक्रवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उड़ानों का शेड्यूल
दून से जाने वाली उड़ानें
दून से पंतनगर- सुबह 8.0 बजे
दून से दिल्ली- सुबह 8.25 बजे
दून से दिल्ली- सुबह 11.00 बजे
दून से दिल्ली- दोपहर 11.45 बजे
दून से मुंबई- दोपहर 1.05 बजे
दून से दिल्ली- सायं 7.25 बजे
------------
दून एयरपोर्ट पर आने वाली उड़ानें
दिल्ली से दून- सुबह 7.20 बजे
दिल्ली से दून- सुबह 8.05 बजे
पंतनगर से दून- सुबह10.20 बजे
दिल्ली से दून- सुबह 10.45 बजे
मुंबई से दून- दोपहर 12.25 बजे
दिल्ली से दून- सायं 6.45 बजे