स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों पर भारी डेंगू का डंक, बढ़ी रही मरीजों की संख्या Dehradun News
स्वास्थ्य महकमा डेंगू की रोकथाम बचाव व जन जागरूकता के दावे कर रहा है पर मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।
देहरादून, जेएनएन। डेंगू का डंक विभागीय तैयारियों पर भारी पड़ रहा है। स्वास्थ्य महकमा डेंगू की रोकथाम, बचाव व जन जागरूकता के दावे कर रहा है, पर मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। शनिवार को देहरादून में चार और मरीजों में डेगू की पुष्टि हुई है। इनमें दो मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि दो मरीज ओपीडी में उपचार के लिए पहुंचे थे।
जानकारी के अनुसार रायपुर रोड शांति विहार निवासी 28 वर्षीय युवक कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती है। उसकी एलाइजा जांच में डेगू की पुष्टि हुई है। वहीं, इसी अस्पताल में भर्ती ओल्ड सर्वे रोड निवासी 40 वर्षीय पुरुष की भी रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। जबकि दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय की ओपीडी में उपचार के लिए पहुंचा सहस्त्रधारा का 23 वर्षीय युवक व सरस्वती विहार निवासी 38 वर्षीय पुरुष की एलाइजा जांच में भी डेंगू की पुष्टि हुई है। जिला वैक्टर जनित रोग अधिकारी सुभाष जोशी का कहना है कि जिन मरीजों में डेगू की पुष्टि हुई है उनके स्वास्थ्य में सुधार है।
कुल मिलाकर देहरादून में डेगू पीड़ितों की संख्या अब 14 हो गई है। जबकि प्रदेश में अब तक 17 मरीजों में डेगू की पुष्टि हुई है। इनमें भी 11 पुरुष व छह महिला मरीज हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसके गुप्ता ने सभी सरकारी व निजी अस्पतालों को अलर्ट पर रहने के लिए कहा है। डेंगू के मरीजों के उपचार के लिए अस्पतालों मे अलग वार्ड बनाए जाने के निर्देश भी दिए जा चुके हैं।
दून अस्पताल में मरीजों के इलाज के लिए आठ बेड का अलग वार्ड बनाया गया है। जिन क्षेत्रों से डेगू के मरीज सामने आ रहे हैं विभागीय टीम वहां का दौरा कर क्षेत्रवासियों को जागरूक भी कर रही है। यही नहीं स्कूलों में भी छात्र-छात्राओं को डेंगू की रोकथाम व बचाव की जानकारी दी जा रही है। नगर निगम का दावा है कि संभावित क्षेत्रों में लगातार फॉगिंग की जा रही है। पर इस सबके बावजूद डेंगू की बीमारी फैलाने वाले मच्छर की सक्रियता बढ़ती जा रही है।
यह भी पढ़ें: दून में डेंगू का डंक, दो और मरीजों में डेंगू की पुष्टि Dehradun News
यह भी पढ़ें: मेघ बरसने के साथ गहराया डेंगू का डंक, दून में चार और मरीज मिले Dehradun News