श्रमिकों का शोषण बर्दाश्त नहीं होगा
संवाद सहयोगी, विकासनगर: सीटू से संबद्ध संविदा श्रमिक संघ व्यासी बांध परियोजना इकाई की हथियारी में नई
संवाद सहयोगी, विकासनगर: सीटू से संबद्ध संविदा श्रमिक संघ व्यासी बांध परियोजना इकाई की हथियारी में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। श्रमिकों का कहना है कि मजदूरों का शोषण श्रम विभाग की मिलीभगत से हो रहा है। जरूरत पड़ने पर श्रम विभाग कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इकाई के नव निर्वाचित अध्यक्ष नरेश रावत ने कहा कि परियोजना में लगे मजदूरों का सरेआम का शोषण किया जा रहा है। मजदूरों को न तो पीएफ की सुविधा दी जा रही है और न ही ईएसआइ के तहत उन्हें पंजीकृत किया जा रहा है। साथ ही स्थानीय औद्योगिक इकाइयों में ठेकेदारी प्रथा के चलते भी मजदूरों का शोषण किया जा रहा है। कहा कि जल विद्युत परियोजना सहित अन्य निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए संयुक्त आंदोलन चलाया जाएगा।
नव नियुक्त सचिव दिग्पाल तोमर ने कहा कि स्थानीय मजदूरों को श्रम कानूनों के अनुरूप मानदेय नहीं दिया जा रहा है। परियोजना निर्माण में अधिकांश वे मजदूर कार्यरत हैं जिनकी कृषि भूमि अधिग्रहीत कर ली गई है। जिसके चलते उनके पास आर्थिकी का अन्य कोई जरिया नहीं है। लिहाजा ऐसे सभी मजदूरों को उचित मानदेय सहित श्रम कानून के तहत आने वाली अन्य सभी सुविधाएं दी जानी चाहिए। उन्होंने सभी मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए संयुक्त आंदोलन शुरू करने पर जोर दिया। इससे पूर्व संविदा श्रमिक संघ की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। जिसमें अध्यक्ष व सचिव चुने जाने के साथ ही रमेश चंदेल संगठन मंत्री, दिनेश तोमर महामंत्री, संजय तोमर उपाध्यक्ष, कैलाश तोमर कोषाध्यक्ष, नरेश चौहान सह संगठन मंत्री, विकास तोमर सह सचिव, विनय चौहान व देवराज तोमर प्रचार मंत्री, राजेंद्र तोमर, विजेंद्र तोमर मुख्य सलाहकार, बलवंत रावत, कुलदीप रावत, विनोद रावत, गंभीर तोमर, रमेश रावत, भूपाल ¨सह, प्रदीप उनियाल, बारू दत्त कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त किए गए।