मुख्य बाजार में नो पार्किंग में 55 वाहनों के चालान
जागरण संवाददाता, विकासनगर: सोमवार को कोतवाली पुलिस ने मुख्य बाजार में दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर याता
जागरण संवाददाता, विकासनगर: सोमवार को कोतवाली पुलिस ने मुख्य बाजार में दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर यातायात व्यवस्था बेहतर करने को अभियान चलाकर नो पार्किंग में खड़ी 55 गाड़ियों के चालान काटे और 6800 रुपये संयोजन शुल्क वसूला। पुलिस ने दूसरे दिन भी फुटपाथ घेरने वाले व्यापारियों का सामान दुकान के अंदर कराया। साथ ही पुलिस ने अस्थायी अतिक्रमण पर कार्रवाई की चेतावनी दी। पुलिस के दो दिन से चलाए जा रहे अभियान के बाद बाजार में यातायात व्यवस्था कुछ सुधरी है।
बता दें कि नगर के मुख्य बाजार से गुजर रहे दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे किनारे के फुटपाथ पर व्यापारियों द्वारा अस्थायी अतिक्रमण के खिलाफ पालिका प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। जिसके चलते हाईवे के किनारे ठेली व फेरीवालों ने घेरे हुए हैं, बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण मुख्य बाजार में यातायात व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है। जिसको देखते हुए दूसरे दिन सोमवार को भी पुलिस ने मुख्य बाजार में अभियान चलाया। कोतवाल एसएस नेगी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान वरिष्ठ उप निरीक्षक बलदेव कंडियाल, प्रभारी चौकी बाजार नीलाभ खाली, दरोगा प्रमोद कुमार, सनोज कुमार, विनय शर्मा, मनोज भट्ट ने मुख्य बाजार में नो पार्किंग में खड़े छोटे-बड़े 55 वाहनों का चालान काटा। साथ ही 6800 रुपये संयोजन शुल्क वसूल किया गया। पुलिस ने बिगड़ रही यातायात व्यवस्था को सुधारने के उद्देश्य से सोमवार को भी फुटपाथ घेरने वाले व्यापारियों को अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी, साथ ही फुटपाथ पर फैला सामान हटवाया। कोतवाल एसएस नेगी के अनुसार यातायात व्यवस्था बेहतर करने को अभियान जारी रहेगा।