आर्यन छात्र संगठन में फूट, दो का इस्तीफा
जागरण संवाददाता, देहरादून: आर्यन छात्र संगठन में संगठनात्मक चुनावों को लेकर फूट पड़ गई है। संगठन के ए
जागरण संवाददाता, देहरादून: आर्यन छात्र संगठन में संगठनात्मक चुनावों को लेकर फूट पड़ गई है। संगठन के एक वरिष्ठ नेता समेत एक कार्यकर्ता ने भी संगठन से इस्तीफा दे दिया है। बीती रविवार को हुई केंद्रीय कार्यसमिति की बैठक में नरेश राणा को आर्यन छात्र संगठन का प्रदेश अध्यक्ष एवं संजय बिष्ट को प्रदेश संयोजक मनोनीत किया गया था। एक दिन बाद ही सोमवार को आर्यन के पूर्व प्रदेश महासचिव भगवती प्रसाद मैंदोली ने संगठन से इस्तीफा दे दिया है। साथ ही सक्रिय कार्यकर्ता सूरज कोहली ने भी संगठन का साथ छोड़ दिया है।
संगठन के संस्थापक राकेश नेगी को भेजे त्यागपत्र में भगवती प्रसाद ने बताया कि, मैं प्रदेश अध्यक्ष चयन को लेकर कोर-कमेटी के फैसले से आहत हूं। प्रदेश कार्यकारिणी ने अध्यक्ष पद के चुनाव में संगठन की रीति-नीति, संविधान एवं नियमावली का उल्लंघन किया है। संगठन संविधान के तहत उल्लेखित है कि संगठन का सक्रिय सदस्य उसे माना जाएगा, जिसे सदस्य बने कम से कम तीन वर्ष का समय हो गया हो। संविधान की एक और धारा में यह भी उल्लेखित है कि प्रदेश व जिला का चुनाव लड़ने का हक सक्रिय सदस्य को ही होगा। बीते रविवार को हुए संगठन के चुनाव में अध्यक्ष का चयन निष्पक्ष रूप से नहीं किया गया। वर्तमान मनोनीत प्रदेश अध्यक्ष की सक्रिय सदस्यता की समय सीमा पूरी नहीं है। आर्यन छात्र संगठन में अनेक सदस्यों की अनदेखी की गई है, इसलिए मैं अपने समस्त दायित्वों से त्याग पत्र देता हूं एवं भविष्य में मैं आर्यन छात्र संगठन की कोई भी जिम्मेदारी ग्रहण नहीं करुंगा। उन्होंने दावा किया के प्रदेश के नौ जिलों में आर्यन छात्र संगठन के हजारों सक्रिय कार्यकर्ता हैं, जो प्रदेश कार्यकारिणी के इस फैसले से नाखुश हैं और कई पदाधिकारी आर्यन से इस्तीफा देने की तैयारी में हैं। वहीं सूरज कोहली ने भी अध्यक्ष की चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इस्तीफा दिया है।
-------------
प्रदेश अध्यक्ष चुनने के लिए केंद्रीय कार्यसमिति के 26 में से 21 सदस्य बैठक में मौजूद थे। अध्यक्ष को लेकर भगवती प्रसाद भी दावेदार थे, लेकिन अधिक सदस्यों ने नरेश राणा को अध्यक्ष मनोनीत किया। जिससे भगवती प्रसाद खफा हैं। वह संगठन के वरिष्ठ सदस्य हैं उन्हें मना लिया जाएगा।
राकेश नेगी, संस्थापक, आर्यन संगठन