गैस एजेंसी के खिलाफ प्रदर्शन
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश: नगर पालिका के मायाकुंड क्षेत्र में रसोई गैस आपूर्ति ढर्रे पर नहीं लौट पा रह
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश: नगर पालिका के मायाकुंड क्षेत्र में रसोई गैस आपूर्ति ढर्रे पर नहीं लौट पा रही है। क्षेत्र में गैस आपूर्ति करने वाली ऋषि गैस एजेंसी के खिलाफ स्थानीय लोगों ने उप जिलाधिकारी कार्यालय में प्रदर्शन किया।
बुधवार को क्षेत्रीय सभासद विजयलक्ष्मी भट्ट के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने उप जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंप नागरिकों ने ऋषि गैस सेवा पर क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाया। सभासद विजयलक्ष्मी भट्ट ने अवगत कराया कि क्षेत्र में लंबे समय से गैस आपूर्ति सामान्य नहीं हो पा रही है, जिससे उपभोक्ता परेशान हैं। उन्होंने कहा कि ऋषि गैस सेवा की ओर से क्षेत्र में दो माह में मात्र तीन बार ही गैस वितरण किया गया। जिसमें करीब डेढ़ सौ उपभोक्ताओं को ही गैस मिल पाई है। उन्होंने बताया कि अधिकांश उपभोक्ता गैस न मिलने से परेशान हैं। उन्होंने ऐजेंसी को समय पर गैस आपूर्ति करने के लिए निर्देशित करने की मांग उप जिलाधिकारी से की। ज्ञापन सौंपने वालों में घनश्याम भट्ट, संजय सिंह बिष्ट, बीना रस्तोगी, शंभू सैनी, चंपा देवी, ज्ञानचंद, एनपी कुकशाल आदि शामिल थे।