वोट डालने के लिए आ रहे युवक की घर पहुंचने से पहले मौत
पंचायत चुनाव में वोट देने के लिए हल्द्वानी से आए युवक की घर पहुंचने से मौत हो गई।
संवाद सहयोगी, चम्पावत : पंचायत चुनाव में वोट देने के लिए हल्द्वानी से आए युवक की घर पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। घटना के बाद युवक के परिवार में मातम छा गया है। मतदान से एक दिन पूर्व घटी इस दु:खद घटना के बाद चुनाव की रंगत भी काफूर हो गई है।
पाटी ब्लाक के सुनडुंगरा गांव निवासी प्रेम सिंह (38) पुत्र चंदन सिंह हल्द्वानी में होटल चलाता था। बताया जा रहा है कि वह बुधवार को हो रहे पंचायत चुनाव में अपना वोट डालने के लिए एक दिन पूर्व मंगलवार को घर आया था। पाटी में वाहन से उतरने के बाद वह घर जाने के लिए दूसरे वाहन की प्रतीक्षा कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक चक्कर आने से प्रेम सिंह औंधे मुंह गिर गया, जिससे उसके नाक से खून बहने लगा। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी 108 वाहन को दी। मौके पर पहुंचे एंबुलेंस कर्मियों ने प्रेमसिंह को पाटी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर नवीन बोहरा ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गांव के निवर्तमान ग्राम प्रधान खड़क सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों की सहमति के बाद शव को बिना पोस्टमार्टम के गांव को भेज दिया गया। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।