कलश यात्रा व पूजा-अर्चना के साथ होगा श्री सिद्ध नर सिंह मंदिर का शुभारंभ
खेतीखान के नवनिर्मित श्री सिद्ध नर सिंह मंदिर का मकर संक्रांति के अवसर पर शुभारंभ होगा।
संवाद सहयोगी, लोहाघाट : खेतीखान के नवनिर्मित श्री सिद्ध नर सिंह मंदिर का मकर संक्रांति के अवसर पर धार्मिक अनुष्ठान के साथ विधि विधान से शुभारंभ किया जाएगा। तैयारियों को लेकर मंदिर समिति सहित विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों के लोग जुटे हुए हैं। 20 गांवों के लोगों ने आपसी सहयोग से इस भव्य मंदिर का निर्माण कराया है।
मंदिर समिति अध्यक्ष गोविंद सिंह पंगरिया ने बताया कि बुधवार को मंदिर में रात्रि जागरण के साथ भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। मकर संक्रांति को महिलाओं द्वारा पारंपरिक परिधानों में सजधज कर कलगाड़ी से मंदिर परिसर तक कलश यात्रा निकाली जाएगी। कार्यक्रम का शुभारंभ रानीखेत के बिनसर महादेव के स्वामी राम गिरी महाराज, बाबा जमना गिरी महाराज और बाबा पूरन गिरी महाराज द्वारा किया जाएगा। पुरोहितों द्वारा हवन की आहुति के साथ मंदिर की प्रतिष्ठा की जाएगी। दोपहर बाद मंदिर में भंडारे का आयोजन किया जाएगा। मंदिर समिति अध्यक्ष ने क्षेत्र के लोगों से मंदिर पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है। मंदिर के शुभारंभ में किशोर जुकरिया, गोपाल मनराल, सुरेंद्र बोहरा, सतीश जुकरिया, खीम सिंह बिष्ट, प्रकाश सिंह बोहरा, लक्ष्मण सिंह बोहरा आदि लोग जुटे हुए है।
========= मकर संक्रांति से शुरू होगा राम मंदिर निर्माण राशि जुटाने का अभियान
पिथौरागढ़: राम मंदिर निर्माण निधि जुटाने के लिए मकर संक्रांति (14 जनवरी) से अभियान शुरू होगा। मंगलवार को आयोजित हिदूवादी संगठनों की बैठक में अभियान की रूपरेखा तय की गई।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर प्रचारक हरदीप की अगुवाई में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि राम मंदिर निर्माण का सपना अब साकार होने जा रहा है। हर हिदू इस सपने को वर्षो से देख रहा था। अब सभी लोगों को मिलजुलकर भव्य राम मंदिर का निर्माण करना होगा। 14 जनवरी से घर-घर जाकर निधि जुटाई जाएगी। अपनी श्रद्धानुसार कोई भी व्यक्ति इसके लिए कितना भी सहयोग दे सकता है। छोटी-छोटी धनराशि से जिला बड़ी राशि जुटाएगा। बैठक में भाजपा नगर मंत्री हनी शाह, बजरंग दल के सोनम पांडे, जिला सुरक्षा प्रमुख सुरेश बजरंगी, दीपक लोहिया, मयूर नागी, रवि जंग, सागर खत्री, गोपाल धामी, सूरज जंग थापा, पुष्पा थापा, प्रतिमा बोरा, मौसमी थापा, हिमानी रजवार, भुवन साह, कमल बिष्ट, महेश जोशी, लोकेश बनोला, धीरज वर्मा आदि मौजूद रहे।