अवैध भंडारण में आरजीबी पर फिर से जुर्माना
संवाद सहयोगी चम्पावत राजस्व विभाग भूतत्व एवं खनिकर्म इकाई के अधिकारियों द्वारा 20 जून को
संवाद सहयोगी, चम्पावत : राजस्व विभाग, भूतत्व एवं खनिकर्म इकाई के अधिकारियों द्वारा 20 जून को अवैध उपखनिज भंडारण को लेकर छापेमारी की गई। जिसमें आरजीबी के बस्तिया स्थित हॉटमिक्स प्लांट में अवैध भंडारण सहित बिचई में एक अवैध भंडारण व एक भंडारण में अनियमित्ता मिलने पर 18 लाख 89 हजार 383 रुपये का अर्थ दंड लगाया गया।
निरीक्षण टीम ने 20 जून को ऑल वेदर रोड में कार्य कर रही आरजीबी कंपनी के हॉट मिक्स प्लांट का औचक निरीक्षण किया। जहां कंपनी के अधिकारी प्लॉट की स्वीकृति के कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए और उपखनिज के क्रय प्रपत्र भी नहीं दिखाए गए। यहां पर 1432 घन मीटर उपखनिज का भंडारण मिला। कोई दस्तावेज प्रस्तुत न करने की दशा में आरजीबी कंपनी पर 1302640 रुपये का जुर्माना लगाया गया। आरजीबी कंपनी पर पहले भी अवैध भंडारण मामले में लाखों का जुर्माना पड़ चुका है। इसके अलावा खान व राजस्व अधिकारियों द्वारा बिचई में दो स्थानों पर हो रहे भंडारण का भी औचक निरीक्षण किया गया। जिसमें एक स्थान पर 418 टन उपखनिज का अवैध भंडारण मिला। पूछताछ में बलवंत सिंह निवासी ज्ञानखेड़ा स्वीकार किया कि उसके द्वारा बिना अनुमति भंडारण किया जा रहा है। जिस पर 346300 रुपये का अर्थदंड लगाया गया। बिचई में ही कुंदन सिंह निवासी गैंडाखाली के भंडारण का निरीक्षण करने पर दस्तावेजों से 115.55 टन कम भंडारण मिला। जिस पर 240443 रुपये का अर्थदंड लगाया गया, लेकिन भंडारकर्ता द्वारा आख्या में हस्ताक्षर करने से मना कर दिया गया। निरीक्षण की रिपोर्ट जिलाधिकारी को दे दी गई है। निरीक्षण टीम में भू वैज्ञानिक लेखराज, सर्वेक्षक ऐश्वर्य शाह, राजस्व निरीक्षक गोविंद गिरि शामिल रहे। ======= अवैध भंडारण की शिकायत मिल रही थी। जिस पर राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ भंडार क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया गया। अवैध भंडारण की आख्या जिलाधिकारी को सौंप दी गई है। आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
- लेख राज, भू वैज्ञानिक।