विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नवरात्रि के पहले दिन देवभूमि के पूर्णागिरि धाम में 'मां अन्नपूर्णा' का जयघोष, 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

Published: Sun, 11 Oct 2026 01:16 PM (GMT+05:30)

नवरात्र के पहले दिन टनकपुर के मां पूर्णागिरि धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह तक 20 हजार से ...और पढ़ें

HighLights

  1. नवरात्र के पहले दिन पूर्णागिरि धाम में भक्तों की भीड़

  2. सुबह 8 बजे तक 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

  3. भारत और नेपाल से आए भक्त, 24 घंटे दर्शन सुविधा

जागरण संवाददाता, चंपावत। उत्तर भारत के प्रमुख शक्तिपीठों में शामिल टनकपुर के मां पूर्णागिरि धाम में नवरात्र के पहले दिन से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई है। शनिवार की शाम से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। रविवार सुबह आठ बजे तक 20 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।

मंदिर समिति ने चौबीसों घंटे दर्शनों की सुविधा उपलब्ध कराई है। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत, बहराईच, सहारनपुर, इटावा, अलीगढ़, बरेली, नबाबगंज सहित उत्तराखंड के हल्द्वानी, रुद्रपुर, खटीमा आदि स्थानों से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। पड़ोसी देश नेपाल के ब्रह्मदेव, महेंद्रनगर, बौंतड़ी आदि जगहों से श्रद्धालु मां के दर्शन को आ रहे हैं।

यहां मां पूर्णागिरि को 'अन्नपूर्णा' अर्थात् भंडार भरने वाली देवी के रूप में पूजा जाता है। पूर्णागिरि के दर्शन के बाद श्रद्धालु नेपाल के ब्रह्मदेव स्थित सिद्धबाबा मंदिर के दर्शनों के लिए जा रहे हैं, जिससे ब्रह्मदेव मंडी में व्यापारिक मेला भी तेज हो गया है। मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी ने बताया कि शनिवार शाम से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था।

सुबह आठ बजे तक बीस हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने बताया किक भीड़ अधिक होने से मुख्य मंदिर में श्रद्धालुओं को पंक्ति में खड़ा कर दर्शन कराए जा रहे हैं। शाम तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। इधर लोहाघाट के रामेश्वर और पंचेश्वर घाटों में सुबह श्रद्धालुओं ने पर्व स्नान कर मंदिरों में पूजा अर्चना की।