Move to Jagran APP

नागरिकता संशोधित अधिनियम के समर्थन में टनकपुर में उमड़ा जनसमूह

नागरिकता संशोधित विधेयक (सीएए) के समर्थन में मंगलवार को टनकपुर में भाजपा की रैली में जनसैलाब उमड़ पड़ा।

By JagranEdited By: Published: Tue, 14 Jan 2020 11:01 PM (IST)Updated: Wed, 15 Jan 2020 06:18 AM (IST)
नागरिकता संशोधित अधिनियम के समर्थन में टनकपुर में उमड़ा जनसमूह

टनकपुर, जेएनएन : नागरिकता संशोधित विधेयक (सीएए) के समर्थन में मंगलवार को जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगर में रैली निकाली तो विशाल जन समूह उमड़ पड़ा। रैली में जिले भर के पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ही तमाम लोग भी शामिल हुए। रैली में शामिल लोगों ने सीएए के समर्थन में जबरदस्त नारेबाजी की। बाद में आयोजित सभा में क्षेत्रीय विधायक कैलाश गहतोड़ी ने कहा कि यह किसी की नागरिकता छीनने का कानून नहीं है, बल्कि यह लोगों को नागरिकता देने वाला कानून है। लोगों से विपक्षी दलों द्वारा फैलाए जा रहे झूठ व भ्रम न पड़ने का आह्वान किया गया। सीएए के समर्थन में भाजपा की ओर से निकाली गई रैली में मुस्लिम समाज के लोगों व महिलाओं ने भी बढ़चढ़ कर भाग लिया।

loksabha election banner

मंगलवार की दोपहर में विधायक कैलाश गहतोड़ी व भाजपा जिलाध्यक्ष दीप चंद्र पाठक के नेतृत्व में पिथौरागढ़ चुंगी से शुरू हुई रैली कोतवाली, जगन्नाथ चौराहा, सीमेंट रोड, मुख्य बाजार से होते हुए तुलसी राम चौराहे पर पहुंची। रैली में जिले भर के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ही हजारों लोग शामिल हुए। रैली में शामिल लोगों ने सीएए के समर्थन में हाथ में तख्तिया लिए हुए थे और जोरदार नारेबाजी कर रहे थे। तुसली राम चौराहे पर जिलाध्यक्ष दीप चंद्र पाठक की अध्यक्षता में हुई सभा में विधायक कैलाश गहतोड़ी ने कहा कि पाकिस्तान, अफगानिस्तान व बाग्लादेश मुस्लिम राष्ट्र है। वहा पर अल्पसंख्यकों के साथ धर्म के नाम पर तमाम अत्याचार होते हैं। यह कानून वहा के अल्पसंख्यकों को भारत में शरण लेने पर नागरिकता देने के लिए बनाया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीएए कानून बना कर ऐसे प्रताड़ित हो रहे लोगों को जीने का हक देने के लिए यह कानून बनाया है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल भ्रम फैला कर लोगों को भड़का रहे हैं। टनकपुर में आज सीएए के पक्ष में उमड़ी भीड़ ने साबित कर दिया है कि लोग विपक्ष की बातों में नहीं आएंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष दीप चंद्र पाठक ने कहा कि मोदी की दिनों दिन बढ़ रही लोकप्रियता से विपक्षी दल घबरा गए हैं, इसलिए वह देश हित में लिए गए निर्णयों का बगैर सोचे समझे विरोध कर रहे हैं। संचालन दीपक रजवार व हरीश भट्ट ने किया। रैली में पूर्व जिलाध्यक्ष राम दत्त जोशी, पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार, नपं अध्यक्ष रेनू अग्रवाल, पूर्व पालिकाध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह रावत, हेमा जोशी, शिवराज सिंह कठायत, मंडल अध्यक्ष पूरन सिंह महरा, सुभाष थपलियाल, हरीश हैशियत, संजय पाठक, नारायण सिंह महर, अमजद हुसैन, याकूब अंसारी, जिपं सदस्य किरन देवी, कैलाश अधिकारी, संजय अग्रवाल, नंदन सिंह तड़ागी, रमेश सिंह भंडारी, गुमान सिंह, कृष्णा जोशी, प्रकाश जोशी आदि शामिल रहे। ======== 2022 में चम्पावत से ही लड़ूंगा चुनाव

टनकपुर : सीएए के समर्थन में उमड़े जनसैलाब को देख गदगद हुए विधायक कैलाश गहतोड़ी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि वह चम्पावत से कहीं नहीं जाने वाले हैं। 2022 का चुनाव वह चम्पावत से ही लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि कुछ लोग उनके बारे में अनर्गल बातें कर रहे हैं। यह कहा जा रहा है कि वह अगला चुनाव यहा से नहीं लड़ने वाले हैं। पर ऐसा कुछ नहीं है। उन्हें चम्पावत विधानसभा क्षेत्र की जनता का अपार प्रेम व स्नेह मिला है। वह जनता की सेवा के लिए हमेशा तत्पर हैं। उन्होंने कहा कि वह यहा की व्यवस्थाएं सुधारने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं। किसी के साथ ही अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.