डीएम के आदेश पर कर्मचारी भड़के
जागरण संवाददाता चम्पावत डीएम एसएन पाडेय की ओर से सफाई अभियान में शामिल नहीं होने वाले अधिक
जागरण संवाददाता, चम्पावत : डीएम एसएन पाडेय की ओर से सफाई अभियान में शामिल नहीं होने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के वेतन रोकने संबंधी फरमान से कर्मचारी एकजुट हो गए। गुरुवार को कर्मचारियों ने डीएम के आदेश का विरोध करते हुए कलक्ट्रेट में धरना दिया।
कर्मचारियों ने कहा कि जिलाधिकारी एसएन पाडेय ने रविवार और अवकाश के दिनों में सफाई अभियान में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के अनिवार्य रूप से भाग लेने के आदेश दिए हैं। जिलाधिकारी के आदेश में कहा गया है कि जो अधिकारी और कर्मचारी सफाई अभियान में प्रतिभाग नहीं करेंगे उनका वेतन काटा जाएगा। कर्मचारी नेताओं का कहना था कि सभी विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और शिक्षक पूरे मनोयोग से कार्य करते हुए सभी सरकारी निर्देशों का पालन कर रहे हैं लेकिन जिलाधिकारी की ओर से जारी आदेश में एक, सात और 14 सितंबर को अवकाश के दिनों में अनिवार्य रूप से वार्डो में सफाई अभियान में शामिल होने तथा अभियान में शामिल नहीं होने पर वेतन कटौती का निर्देश तुगलगी फरमान है। जिसका विरोध किया जाएगा। बाद में कर्मचारियों ने इस संबंध में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंप पूर्व में जारी आदेश पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आग्रह किया है।
प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने वालों में भूपेंद्र प्रकाश जोशी, गोविंद बोहरा, बंशीधर थ्वाल, अनिल कुमार, कमला जोशी, लीला देवी, गोदावरी शर्मा, दीपा पाडेय, पूरन पाडेय, मोहन सिंह, विनोद पाठक, अभिषेक कुमार, एलएम चतुर्वेदी, चतुर सिंह, पुष्कर सिंह बोहरा, रूद्र सिंह बोहरा, हरीश गहतोड़ी, पान सिंह मेहता सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल रहे।
==========
वर्जन-
सफाई अभियान में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करने संबंधी आदेश को लेकर कुछ गलतफहमी हो गई है। कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ इस संबंध में वार्ता कर समस्या का समाधान कर लिया जाएगा।
-एसएन पाडेय, जिलाधिकारी, चंपावत