सीएम धामी पर कांग्रेस का तीखा हमला, सैलजा बोलीं- 'भ्रष्टाचार में डूबी सरकार'
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने लोहाघाट में धामी सरकार को हर मोर्चे पर विफल और भ्रष्टाचार में लिप्त बताया। ...और पढ़ें

HighLights
कुमारी सैलजा ने धामी सरकार को भ्रष्टाचार में लिप्त बताया
कांग्रेस ने आगामी चुनाव में सरकार बदलने का आह्वान किया
जनसभा में कांग्रेस की आंतरिक गुटबाजी भी सामने आई
संवाद सहयोगी, लोहाघाट। नगर के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की जनसभा में पार्टी की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने भाजपा की धामी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए उसे भ्रष्टाचार में डूबी सरकार करार दिया।
कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल है, इस सरकार के सत्ता से जाने का वक्त आ गया है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जनता से आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का हाथ मजबूत कर धामी सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।
सरकार की कार्यप्रणाली पर खड़े किए सवाल
कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश में धामी सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। बड़े-बड़े प्रोजेक्टों के नाम पर जनता की गाढ़ी कमाई का दुरुपयोग कर अपनी जेबें भरने का काम किया जा रहा है। उन्होंने महिला मंत्री रेखा आर्य से जुड़े आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि इन मामलों ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। प्रदेश के करीब दो हजार विद्यालय बंद हो चुके हैं और स्वास्थ्य व्यवस्था भी बदहाल स्थिति में पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और कांग्रेस को इस बदलाव की आवाज बनना होगा।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि प्रदेश को बचाने के लिए भाजपा सरकार को सत्ता से हटाना जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार प्रदेश की जमीन और जंगलों को बेचने का काम कर रही है।
वहीं उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी ने कहा कि भाजपा सरकार में रोजगार की आस लगाए बैठे युवाओं को लगातार निराशा हाथ लग रही है। परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक होने से युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए भाजपा सरकार पर मामले में कथित वीआइपी को बचाने का आरोप लगाया।
विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने धारचूला विधायक हरीश धामी की सराहना करते हुए उन्हें बब्बर शेर बताया। संचालन प्रकाश सिंह मेहरा और भुवन चौबे ने किया। इस दौरान जिला अध्यक्ष चिराग फर्त्याल, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, पूरन कठायत, पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल, रणजीत सिंह रावत, भागीरथ भट्ट, विकास, मोहन सिंह ढेक, चंद बोहरा, शैलेंद्र राय, विजय माहरा, प्रहलाद सिंह अधिकारी, महेश भट्ट, मनोज सामंत, अशोक सिंह माहरा, शंकर सिंह अधिकारी, सक्षम अधिकारी, डा. अमर सिंह कोटियाल आदि थे।
साफ दिखी गुटबाजी, जिलाध्यक्ष को मंच पर बैठने के लिए नहीं मिला स्थान
प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की जनसभा में कांग्रेस की गुटबाजी भी खुलकर सामने आई। पार्टी जिलाध्यक्ष चिराग सिंह फर्त्याल कार्यक्रम के दौरान खड़े रहे, उन्हें मंच पर बैठने के लिए स्थान नहीं मिल पाया। यहां तक कि उन्हें हर कार्यक्रम से दूर रखा गया। नेताओं के माल्यार्पण करने का भी उन्हें मौका नहीं मिला।
जिलाध्यक्ष मंच के एक कोने पर खड़े-खड़े प्रदेश प्रभारी व अन्य नेताओं के भाषण सुनते रहे। कांग्रेस की धड़ेबाजी का एहसास कुमारी सैलजा को भी हो गया। उन्होंने अपने भाषण में कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं को अपनी शिकायत या नाराजगी उचित फोरम पर व्यक्त करनी चाहिए।
सार्वजनिक स्थान या जनसभा के बीच एक-दूसरे पर नाराजगी प्रकट करना न तो कार्यकर्ताओं के लिए उचित है और न ही पार्टी व संगठन के हित में है। इस संबंध में पूछे जाने पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने प्रतिक्रिया व्यक्त करने से इन्कार कर दिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।