अराजक तत्वों ने मादली वार्ड में तोड़े छह वाहनों के शीशे, पुलिस खंगाल रही फुटेज
चम्पावत के मादली वार्ड में बुधवार की रात अराजक तत्वों ने छह वाहनों के शीशे तोड़ दिए।
चम्पावत, जेएनएन : क्षेत्र के मादली वार्ड में नेशनल हाईवे किनारे व घर में खड़े छह वाहनों के शीशे तोड़ दिए। बुधवार सुबह जब वाहन स्वामियों ने वाहनों के टूटे शीशे देखे तो वह हक्के बक्के रह गए। शीशे टूटने से वाहन स्वामियों को हजारों का नुकसान हो गया। हाईवे किनारे दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज को लोगों ने चेक किया तो उसमें एक युवक बेस बॉल के डंडे से शीशे तोड़ते हुए दिखाई दिया। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के जरिये युवक की तलाश करने में जुट गई है।
मंगलवार देर रात कुछ अराजक तत्वों ने मादली में टनकपुर पिथौरागढ़ हाइवे पर सड़क किनारे पाच वाहनों के शीशे तोड़ दिए। ये सभी वाहन राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक साथ खड़े किए गए थे। वाहन स्वामियों को घटना का पता बुधवार सुबह चला। मादली निवासी शिक्षक भुवन जोशी की कार यूके 03 बी 3421, हयात सिंह की टैक्सी यूके 03 टीए 1265, सिंचाई विभाग के जेई हरीश टकवाल की कार यूके 03 ए 3289, व्यापारी भुवन पुनेठा की कार यूके 03 ए 9599 और पशुपालन विभाग की बोलेरो संख्या यूए 05 3807 के शीशे तोड़ दिए। वार्ड में जाकर देखने पर वीना चौधरी की हाल ही में नई खरीदी ग्रांड आई 10 के भी शीशे टूटे हुए थे। छहों वाहन स्वामियों ने घटना की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी। प्रभारी कोतवाल दीवान सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध हाथ में डंडा लेकर घूमता हुआ दिखाई दे रहा है। उन्होंने बताया कि मामले की जाच की जा रही है। शीघ्र ही अराजक तत्वों का पता लगा लिया जाएगा। उधर इस घटना से पाचों वाहन स्वामियों को हजारों रुपये का नुकसान हो गया।