विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल में बाढ़ के बाद उत्तराखंड के चंपावत में अलर्ट, शारदा बैराज पर बढ़ी निगरानी

Published: Thu, 27 Aug 2026 10:18 AM (IST)

नेपाल में भारी वर्षा और बाढ़ की स्थिति के बाद चंपावत में जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है, टनकपुर में एसडीआरएफ टीम हाई अलर्ट पर है।

HighLights

  1. नेपाल में बाढ़ के बाद चंपावत में सतर्कता बढ़ी

  2. टनकपुर में एसडीआरएफ टीम हाई अलर्ट पर तैनात

  3. लोगों से नदी किनारे न जाने की अपील की गई

जागरण संवाददाता, चंपावत। नेपाल में भारी वर्षा और भीषण बाढ़ की स्थिति को देखते हुए चम्पावत के सीमावर्ती क्षेत्रों में जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। सेनानायक एसडीआरएफ के निर्देश पर टनकपुर की एसडीआरएफ टीम को हाई अलर्ट मोड पर रखा गया है। शारदा बैराज, शारदा घाट और संवेदनशील तटीय क्षेत्रों में जवान लगातार गश्त कर रहे हैं।

बुधवार को एसडीआरएफ टीम ने शारदा घाट और निचले इलाकों में पहुंचकर स्थानीय निवासियों, यात्रियों और मछुआरों को जलस्तर बढ़ने की संभावना के प्रति जागरूक किया। लोगों को नदी और घाटों के आसपास अनावश्यक रूप से नहीं जाने की सलाह दी गई। एसडीआरएफ टीम किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक जीवनरक्षक उपकरणों के साथ 24 घंटे मुस्तैद है।

यह भी पढ़ें- नेपाल में बाढ़ भूस्खलन का कहर, नागढुंगा मुग्लिन समेत प्रमुख राजमार्ग बंद

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सिंचाई, राजस्व, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा नदियों के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने को कहा है। जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के माध्यम से स्थिति पर पल-पल नजर रखी जा रही है।

बच्चों और पशुओं को नदी से दूर रखने की अपील

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से उफनती नदियों, शारदा घाट और तटीय क्षेत्रों के समीप अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की है। बच्चों और पशुओं को भी नदी तटों से दूर रखने को कहा गया है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन या जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को सूचना देने की अपील की गई है।

यह भी पढ़ें- नेपाल में बाढ़ से तबाही: 133 भारतीय लापता, उत्तराखंड सरकार ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर