पारिवारिक कलह में मां और दो बेटियों ने खाया कीटनाशक, चंपावत में मचा हड़कंप
चंपावत के बेलखेत गांव में पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला और उसकी दो बेटियों ने कीटनाशक का सेवन कर ...और पढ़ें
-1791884071031_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, चंपावत। जिला मुख्यालय से करीब 34 किमी दूर बेलखेत गांव में पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला और उसकी दो बेटियों ने कीटनाशक का सेवन कर लिया। एक साथ तीनों की हालत बिगड़ने पर अफरा-तफरी मच गई।
पड़ोसियों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में महिला और उसकी दोनों बेटियों को उपचार के लिए निजी वाहन से उप जिला चिकित्सालय टनकपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि बेलखेत निवासी पूजा बोहरा (30) पत्नी जसवंत सिंह बोहरा की किसी बात को लेकर अपनी सास से कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि महिला ने अपनी बेटी मानवी (13) और हर्षिता (10) के साथ घर में रखा कीटनाशक गटक लिया।
कुछ देर बाद तीनों की हालत बिगड़ गई। घटना के वक्त महिला के पति जसवंत सिंह घर से कुछ दूरी पर अपनी आटा चक्की में काम कर रहे थे। जिन्हें पड़ोसियों ने घटना की जानकारी दी। पति दौड़े-दौड़े घर पहुंचे तो पत्नी और दो बेटियों को बेहोशी की हालत में पाया।
ग्रामीणों के सहयोग से तीनों को उपचार के लिए टनकपुर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के चिकित्सक डा. आफताब आमल ने बताया कि हालत ज्यादा खराब होने पर प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर कर दिया।
उन्होंने बताया कि महिला की हालत ज्यादा नाजुक बनी हुई थी। बताया जा रहा है कि स्वजन उपचार के लिए हल्द्वानी के बजाए खटीमा के एक निजी अस्पताल ले गए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार महिला चार बेटियां और एक बेटा है। घटना के वक्त दो पुत्रियों और पुत्र पड़ोस में गए हुए थे। ग्रामीण गणेश सिंह ने बताया कि खटीमा में उपचार के बाद तीनों की हालत में सुधार हो रहा है।
