कहीं बागी न बिगाड़ दे भाजपा का गणित
जागरण संवाददाता, चम्पावत : निकाय चुनाव में भाजपा द्वारा उम्मीदवारों के नाम की घोषणा किए जाने
जागरण संवाददाता, चम्पावत : निकाय चुनाव में भाजपा द्वारा उम्मीदवारों के नाम की घोषणा किए जाने के बाद कार्यकर्ताओं में रोष पनपने लगा है। पार्टी से टिकट न मिलने पर कई कार्यकर्ता बागी होते दिखाई देने लगे हैं। कई नाराज कार्यकर्ताओं ने पार्टी छोड़ निर्दलीय चुनाव लड़ने को ताल ठोंक रहे हैं। सबसे ज्यादा विरोध टनकपुर, चम्पावत व लोहाघाट में दिखाई दे रहा है।
बात नगर पालिका चम्पावत की करें तो भाजपा से टिकट पाने के लिए प्रकाश तिवारी, सज्जन वर्मा, प्रकाश पांडे, दीपक तड़ागी ने टिकट के लिए दावेदारी की थी। जिसमें कांग्रेस पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए सज्जन वर्मा पर भाजपा ने भरोसा जताते हुए उन्हें टिकट दिया है। पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश तिवारी पार्टी से टिकट की दौड़ में प्रबल दावेदार थे लेकिन पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया। जिसके बाद उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ने का एलान किया हैं। वहीं दीपक तड़ागी पूर्व में ही निर्दलीय चुनाव लड़ने को कह चुके हैं। साथ ही प्रकाश पांडे भी निर्दलीय चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। कांग्रेस की ओर से विजय वर्मा का टिकट फाइनल हो गया है। कांग्रेस व भाजपा के दोनों उम्मीदवार ओबीसी से हैं। ऐसे में ओबीसी वोट पर चुनाव का निर्णय हो सकता है। टनकपुर नगर पालिका चुनाव में भी यही स्थिति है। बनबसा से सुधा बिष्ट पर विश्वासा जताया गया है। भाजपा से दीप चंद्र पाठक, विपिन वर्मा व हर्षवर्धन ने टिकट मांगा था। जिसमें संघ ने दीप पर भरोसा जताया है। जिस कारण भाजपा ने दीप को टिकट दिया। जिसके बाद टिकट की दौड़ में शामिल विपिन वर्मा ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का एलान किया है। ऐसे में भाजपा की जीत पर संशय बना हुआ है कारण कि 1962 से पालिका में हो रहे चुनाव में आज तक भाजपा ने एक भी चुनाव नहीं जीता। चुनाव में भाजपा को अपनी जीत तय करने के लिए सभी वर्गो के वोट हासिल करने होंगे। वहीं कांग्रेस ने हरीश भट्ट को टिकट दिया है। ऐसे में दोनों के बीच कड़ा चुनाव होने की उम्मीद है। लोहाघाट नगर पंचायत के चुनाव में भाजपा की पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष लता वर्मा ने अपने पति गोविंद वर्मा के लिए टिकट मांगा था। मगर पार्टी ने उनके पति को टिकट न देकर दीपक ओली पर भरोसा जताते हुए उन्हें टिकट दिया है। जिस कारण पार्टी से नाराज वर्मा ने निर्दलीय चुनाव का एलान किया है। बनबसा नगर पंचायत में भी भाजपा ने कांग्रेस छोड़कर आई विमला सजवाण पर भरोसा जताते हुए नपं के पहले चुनाव के लिए भरोसा जताया है। पार्टी छोड़ पार्टी के विरोध में चुनाव लड़ने वाले कार्यकर्ता पार्टी उम्मीदवारों की जीत में जरूर रोड़ा बनेंगे।