टनकपुर रीजन में इस वर्ष 59 बसें हो जाएंगी कम
दीपक सिंह धामी टनकपुर यात्रियों को बेहतर सुविधा मुहैया कराने का परिवहन निगम का दा
दीपक सिंह धामी, टनकपुर
यात्रियों को बेहतर सुविधा मुहैया कराने का परिवहन निगम का दावा हवा हवाई साबित हो रहा है। जी हां, आने वाले साल के कुछ महीनों में टनकपुर रीजन के बेड़े में शामिल 215 बसों में 59 बसें कम हो जाएंगी। कारण कि यह बसें अपनी समय सीमा के साथ अपने किमी पूरे कर लेंगे। अगर निगम ने जल्द नई बसों की व्यवस्था नहीं की तो आने वाले समय में यात्रियों को बसों की कमी के चलते काफी फजीहत झेलनी पड़ेगी।
उत्तराखंड परिवहन निगम के टनकपुर रीजन में 215 बसें शामिल हैं। जिसमें टनकपुर डिपो में 122, लोहाघाट में 30 व पिथौरागढ़ में 63 बसें शामिल हैं। इसमें अधिकतर बसें 2013 में खरीदी गई हैं। बसों की कमी के चलते यात्रियों को काफी फजीहत झेलनी पड़ रही है। बसें पुरानी होने की वजह से आए दिन बसें बीच रास्ते में खड़ी हो जाती है। बसों की मरम्मत के लिए भी निगम के लिए पर्याप्त व्यवस्था में कर्मचारी नहीं है। यही वजह है कि बसों की खराबी व कमी के चलते यात्रियों को बीच मार्ग में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। यह भी बता दें कि बसों की कमी के चलते निगम ने कई रूटों पर बसों का संचालन बंद कर दिया है। बसों की कमी आने वाले इस वर्ष भी जारी रहेगी। कारण कि अब तक इस वर्ष के छह माह में टनकपुर डिपो की 38 बसें अपना समय व किमी पूरा कर चुकी हैं। इसके अलावा लोहाघाट व पिथौरागढ़ डिपो की चार-चार बसें अपनी समय सीमा सितंबर व अक्टूबर माह में पूरी कर लेंगी। इसके साथ टनकपुर डिपो की 13 बसों की समय सीमा व किमी भी दिसंबर माह तक पूरा हो जाएंगी। यानि दिसंबर तक कुछ 59 बसें कम हो जाएंगी। जिसके बाद निगम इन बसों की निलामी करेगा। अगर निगम ने जल्द नई बसों की व्यवस्था नहीं की तो कई रूटों पर बसों का संचालन बंद हो जाएगा। ========= क्या हैं बसों का मानक
निगम ने बसों को रिटायर करने के कई मानक तय किए हैं। जिसमें बसों को छह वर्ष की समय सीमा पूरा होने के साथ 166 व्हील बेस की बस पांच लाख किमी, 205 व्हील बेस की बस सात लाख किमी, 210 व 218 व्हील बेस की बस आठ लाख किमी चलने पर रिटायर की जाती हैं।
======== चारधाम में गई आठ बसें
निगम ने वर्तमान में चारधाम सेवा में लोहाघाट व पिथौरागढ़ डिपो की चार-चार बसें गई हैं। जिससे यात्रियों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। ==========
वर्तमान में टनकपुर रीजन की 38 बसें समय सीमा व किमी पूरी कर चुकी हैं। इसके अलावा टनकपुर डिपो की 13, पिथौरागढ़ व लोहाघाट की चार-चार बसों की समय सीमा व किमी अक्टूबर से दिसंबर के बीच पूरा हो जाएगा। नई बसों के न आने की स्थिति में बेड़े में बसों की कमी आने से यात्रियों को काफी दिक्कत होगी।
- लेखराज, आरएम तकनीकी, टनकपुर रीजन
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप