उत्तराखंड विधानसभा: कांग्रेस विधायकों के भारी हंगामे के बीच 10 विधेयक पास, सदन अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
उत्तराखंड विधानसभा के गैरसैंण सत्र में कांग्रेस ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर जमकर हंगामा किया, जिसके कारण सदन की कार्यवाही कई बार स्थगित करनी पड़ी।

HighLights
कांग्रेस ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर विधानसभा में हंगामा किया।
विपक्षी विधायकों ने काले झंडे लहराए और कार्यसूची फाड़ी।
हंगामे के बीच अनुपूरक बजट और 10 विधेयक पारित हुए।
राज्य ब्यूरो, चमोली। उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में विधानसभा सत्र के अंतिम दिन विपक्षी कांग्रेस ने आक्रामक तेवर अपनाए। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कार्यस्थगन की सूचना स्वीकार न होने से भड़के कांग्रेस विधायकों ने सदन में जमकर हंगामा किया। इस दौरान मर्यादाएं भी तार-तार हुईं।
अध्यक्ष आसन के सम्मुख आकर विपक्षी विधायकों ने नारेबाजी करने के साथ ही काले झंडे लहराए, कार्यसूची की प्रतियां फाड़ीं और सचिव की टेबल पर पुस्तकें भी पटकी। विपक्ष के इस हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही तीन बार स्थगित करनी पड़ी। बाद में हंगामे के बीच ही सदन में 7844.18 करोड़ का अनुपूरक बजट समेत 10 विधेयक पारित किए गए और फिर सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने विपक्ष के रवैये पर तल्ख टिप्पणी भी की। उन्होंने कहा कि कार्यसूची समेत अन्य पत्रावलियां फाड़कर उछाल रहे कांग्रेस विधायक सदन में ये क्या खेल कर रहे हैं। अध्यक्ष ने कांग्रेस विधायकों की ओर से नारेबाजी में झुमका जैसे शब्दों का इस्तेमाल करने पर भी नाराजगी जताई।
यह भी पढ़ें- रेलवे की बड़ी सौगात: लुधियाना-गया और वाराणसी-सहारनपुर के बीच चलेंगी दो स्पेशल ट्रेन, चेक करें पूरा रूट
बुधवार सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होते ही नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कार्यस्थगन के तहत भ्रष्टाचार के मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग की, जिसे विधानसभा अध्यक्ष ने अस्वीकार कर दिया। तभी कांग्रेस विधायक अध्यक्ष आसन के सम्मुख आकर नारेबाजी करने लगे और काले झंडे भी लहराए। सदन की कार्यवाही 11.20 बजे तक स्थगित कर दी गई। इसके बाद भी हंगामा जारी रहा।
