तीन गिरफ्तार, एक फरार बंदूक व छर्रे हुए बरामद
संवाद सहयोगी गोपेश्वर केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग ने पोथनी के जंगलों में संदिग्ध घूम रहे तीन लोगों क
संवाद सहयोगी, गोपेश्वर : केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग ने पोथनी के जंगलों में संदिग्ध घूम रहे तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि एक व्यक्ति फरार है। आरोपितों के पास से एक बंदूक व छर्रे बरामद हुए हैं। वन अधिकारियों का मानना है कि ये लोग जंगल में वन्यजीव का शिकार करने गए होंगे।
वन कर्मी बीते 31 मार्च को वन पंचायत पोथनी के बेडूपानी तोक में गश्त कर रहे थे। इस दौरान जंगल से आ रहे महावीर सिंह, हरीश सिंह ग्राम-कौंज पोथनी को लॉकडाउन के दौरान घर से बाहर जंगल में घूमने पर पूछताछ की गई तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। उनके पास से एक बंदूक व छर्रे बरामद हुए। घटनास्थल के कुछ दूरी पर मोटर मार्ग पर दो अन्य लोग भी संदिग्ध हालत में कार में मिले। इनको भी आरोपितों के साथ मिले होने के शक पर वन कर्मियों ने गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान हरीश सिंह व ताजवर सिंह ग्राम कौंज पोथनी के रूप में की गई। सभी के खिलाफ भारतीय वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत वन अपराध दर्ज कर लिया गया है। इस दौरान हरीश सिंह वन कर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग के डीएफओ अमित कंवर ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों लोगों से हथियार के साथ जंगल में जाने को लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपितों के वाहन को भी कब्जे में लिया गया है। जबकि फरार व्यक्ति की ढूंढखोज की जा रही है। बंदूक के लाइसेंस को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।