दरोगा ने रक्तदान कर बचाई महिला की जान
जिला चिकित्सालय में प्रसव के लिए भर्ती घाट के मोख गांव की महिला कस्तूरबा देवी की जान बचाई।
संवाद सहयोगी, गोपेश्वर : जिला चिकित्सालय में प्रसव के लिए भर्ती घाट के मोख गांव की महिला कस्तूरबा देवी के लिए गोपेश्वर थाने में तैनात उपनिरीक्षक संजीव चौहान ने अपना रक्तदान किया। चिकित्सकों ने गर्भवती महिला के शरीर में खून की भारी कमी होना बताया था।
प्रसूता को बी निगेटिव ब्लड की आवश्यकता थी, लेकिन, ब्लड बैंक में यह ग्रुप उपलब्ध नहीं था। महिला के पति चंदू लाल की आर्थिक स्थिति भी कमजोर है। इसके चलते उसको श्रीनगर या देहरादून से ब्लड लाना संभव नहीं हो पा रहा था।
ऐसे में जब उपनिरीक्षक संजीव चौहान को इस बारे में जानकारी मिली तो वह सीधे अस्पताल पहुंचे। उन्होंने तत्काल रक्तदान किया। इसके बाद महिला को रक्त चढ़ाया गया।
सीएमएस जीवन सिंह चुफाल ने बताया कि महिला के स्वास्थ्य में अब सुधार है।