सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक खुलेंगे व्यापारिक प्रतिष्ठान
यापार संघ कर्णप्रयाग ने नगर स्थित सभी व्यापारिक प्रतिष्ठानों को सोमवार से सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक खोलने का निर्णय लिया है।
संवाद सूत्र, कर्णप्रयाग : व्यापार संघ कर्णप्रयाग ने नगर स्थित सभी व्यापारिक प्रतिष्ठानों को सोमवार से सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक खोलने का निर्णय लिया है।
व्यापार संघ अध्यक्ष बृजेश बिष्ट व महामंत्री उमेश खंडूड़ी ने बताया कि कोरोना संक्रमण की दृष्टि से जनपद चमोली का कर्णप्रयाग नगर केंद्रवर्ती स्थल है। यहां से हर रोज सैकड़ों की संख्या में प्रवासी विशेष वाहनों से गुजर रहे हैं। इस दौरान देखने में आ रहा है कि कई लोग वाहनों से उतरकर खरीदारी भी कर रहे हैं, जिससे व्यापारियों ने संक्रमण फैलने की आशंका जताई है। साथ ही दूरस्थ ग्रामीण अंचलों से भी खरीदारी को प्रवासी पहुंच रहे हैं, जो सुरक्षा की दृष्टि से सुरक्षित नहीं है। ऐसे में व्यापार संघ कर्णप्रयाग ने सभी व्यापारियों से अपने व्यापारिक प्रतिष्ठान सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक खोलने की अपील की है। उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग वैभव गुप्ता ने बताया कि प्रशासन की ओर से बाजार खोले जाने की समय सीमा सुबह सात बजे से सांय चार बजे तक तय की है। इस दौरान ऑड-ईवन क्रम में ही दुकानें खोले जाने के निर्देश हैं। कोरोना संक्रमण को लेकर सभी व्यापारियों से शारीरिक दूरी व मास्क का प्रयोग करने को कहा गया है।