नृसिंह मंदिर में भगवान के लिए हक-हकूकधारी जुटा रहे खाद्यान्न
भगवान बदरीनाथ के शीतकालीन गद्दीस्थल नृसिंह मंदिर (जोशीमठ) में भगवान के भोग के लिए हक-हकूकधारियों की देव पुजाई समिति ने खाद्यान्न उपलब्ध कराया है।
गोपेश्वर, जेएनएन। लॉकडाउन के चलते श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के देवस्थानम बोर्ड के अधीन होने की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हो पाई है। ऐसे में भगवान बदरीनाथ के शीतकालीन गद्दीस्थल नृसिंह मंदिर (जोशीमठ) में भगवान के भोग के लिए खाद्यान्न आपूर्ति करना चुनौती बन गया है। इस परेशानी को देखते हुए हक-हकूकधारियों की देव पुजाई समिति ने खाद्यान्न उपलब्ध कराया है। इससे फिलहाल भोग प्रसाद तैयार कर भगवान का भोग लगाया जा रहा है।
बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने पर भगवान नारायण की पूजा-अर्चना पांडुकेश्वर के योग-ध्यान बदरी मंदिर और जोशीमठ स्थित नृसिंह मंदिर में संपन्न होती है। परंपरा के अनुसार यहां नियमित पूजा-अर्चना के साथ ही भगवान नारायण, माता लक्ष्मी और भगवान नृसिंह को भोग लगाया जाता है।
मंदिर में प्रतिदिन करीब 35 किलो चावल और डेढ़ किलो दाल से खिचड़ी व मीठे चावल का भोग तैयार होता है। यही भोग यहां रह रहे साधु-संतों व कर्मचारियों को प्रसाद के रूप में वितरित जाता है। भोग तैयार करने वाले हक-हकूकधारियों को दस्तूर (मेहनताना) के रूप में अनाज दिया जाता है।
अब देवस्थानम बोर्ड के अस्तित्व में आने के बाद इन मंदिरों की व्यवस्था बोर्ड को सौंप दी गई है। बोर्ड की ओर से अभी भोग प्रसाद के लिए खाद्यान्न की खरीद नहीं की गई है। ऐसे में बीते तीन दिनों से भगवान बदरी विशाल, भगवान नृसिंह व नव दुर्गा का भोग स्थानीय लोगों की देव पुजाई समिति की ओर से दिया जा रहा है।
समिति ने देव भोग के लिए खाद्यान्न व्यवस्था सुचारु रखने का जिम्मा लिया है। मंदिर के हक-हकूकधारी व भोग तैयार करने वाले बड़वा कांति प्रसाद डिमरी का कहना है कि भगवान के भोग के लिए फिलहाल देव पुजाई समिति पर्याप्त खाद्यान्न उपलब्ध करा रही है।
यह भी पढ़ें: Coronavirus: हरिद्वार की मस्जिदों से हुआ ऐलान, घर में अदा करें नमाज Haridwar News
बदरीनाथ धाम के धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल का कहना है कि मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्थाओं में हुए फेरबदल के बाद देवस्थानम बोर्ड को सक्रिय करने की प्रक्रिया चल रही है। भगवान के भोग के लिए हो रही खाद्यान्न की कमी के बारे में मंदिर भंडार समिति की ओर से उन्हें जानकारी दी गई थी। देव पुजाई समिति बीते तीन दिनों से खाद्यान्न की आपूर्ति कर रही है। इस संबंध में प्रशासन से भी वार्ता की गई है।
यह भी पढ़ें: कोरोना से बचाव को मंदिरों में लगे प्रवेश निषेध के बोर्ड Dehradun News