प्रधानों ने फूंका पंचायत राज मंत्री का पुतला
12 सूत्रीय मांगों को लेकर ग्राम प्रधानों ने पंचायत राज मंत्री का पुतला दहन किया।
जागरण टीम, गढ़वाल: 12 सूत्रीय मांगों को लेकर ग्राम प्रधानों ने पंचायत राज मंत्री का पुतला दहन किया। टिहरी में प्रधानों ने ब्लाक कार्यालय पर तालाबंदी की। प्रधानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें न मानी तो वे आंदोलन तेज करेंगे।
गोपेश्वर: दशोली व जोशीमठ विकासखंड के ग्राम प्रधानों ने पंचायत राज मंत्री का पुतला दहन किया। ग्राम प्रधानों का कहना था कि लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर सभी ग्राम प्रधान आंदोलित हैं।
गैरसैंण: ग्राम प्रधानों ने सरकार की बुद्धि-शुद्धि के लिए हवन के बाद प्रदर्शन किया। कर्णप्रयाग प्रधान संगठन अध्यक्ष सुशील खंडूड़ी व गैरसैंण अध्यक्ष पान सिंह नेगी ने कहा राज्य में तीन मुख्यमंत्री बदल चुके हैं,लेकिन जनता की आवाज को सुनने वाला कोई नही है जिसका खामियाजा आने वाले समय मं सरकार को भुगतना होगा। प्रधानसंगठन ने उपजिलाधिकारी गैरसैंण कौस्तुभ मिश्र के माध्यम से जिलाधिकारी चमोली को पत्र प्रेषित किया। पत्र में लीलाधर जोशी, बलवीर मेहरा, सुनीता देवी, दीपा नेगी, हेमा बिष्ट, मुकेश कंडारी, सुनीता देवी, कमला देवी, गोवर्द्धन प्रसाद सहित ब्लाक के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
नई टिहरी: मांगों को लेकर प्रधानों का शनिवार को जौनपुर के ब्लाक मुख्यालय थत्यूड़ में प्रधानों ने तालाबंदी जारी रख प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने वालों में जौनपुर प्रधान संगठन के अध्यक्ष सुंदर सिंह रावत, सुभाष पैन्यूली, श्रीपाल सिंह, कमल किशोर नौटियाल, रीना बंगारी आदि शामिल थे। चंबा ब्लाक मुख्यालय में भी प्रधान धरने पर बैठे रहे। धरना देने वालों में संगठन के ब्लाक अध्यक्ष सुधीर बहुगुणा, ललित सुयाल, विक्रम सिंह राणा, गौरव गुसांई, शैला नेगी, राजेश पुंडीर आदि शामिल थे। इसके अलावा थौलधार, नरेंद्रनगर, प्रतापनगर, भिलंगना आदि जगहों पर भी प्रधान धरने पर बैठे हैं।