बर्फबारी के बीच 10 किमी तक फंसे वाहन
संवाद सूत्र गैरसैंण गैरसैंण-कर्णप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग से बर्फ हटाने में एनएच कर्मचारियों का
संवाद सूत्र, गैरसैंण: गैरसैंण-कर्णप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग से बर्फ हटाने में एनएच कर्मचारियों को दिनभर पसीना बहाना पड़ा। शनिवार शाम तक मोटर मार्ग पर वाहनों का संचालन शुरू नहीं हो सका था। वहीं कर्णप्रयाग-गैरसैंण के मालसी, कालीमाटी से जंगलचट्टी में 10 किमी तक दर्जनों वाहन बर्फ के बीच फंसे हैं। इसके चलते चालकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
एसओ गैरसैंण रविंद्र कुमार और एसडीएम वैभव गुप्ता ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर शुक्रवार को ही कर्णप्रयाग से गैरसैंण जाने वाले वाहनों को रोकने के निर्देश दिए जा चुके थे। लेकिन, गैरसैंण से कर्णप्रयाग की ओर आने वाले वाहन एक ओर फंस जाने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि बर्फ हटाने के लिए एनएच ने पांच जेसीबी मशीनें लगाई हैं। लेकिन, 10 किमी मार्ग पर जमी बर्फ को हटाने में कर्मचारियों के पसीने छूटे रहे हैं। एसओ ने बताया कि कर्णप्रयाग-गैरसैंण मोटर मार्ग पर वाहनों का जमघट न हो, इसके लिए बर्फबारी प्रभावित स्थानों से पहले गैरसैंण बाजार और आदिबदरी में वाहनों को रोका जा रहा है। वहीं आवश्यक कार्य के लिए जाने वाले लोग पैदल ही बर्फ पार कर रहे हैं। वहीं राजमार्ग न खुल पाने से शुक्रवार और शनिवार को आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई नहीं हो सकी। दूध, सब्जी और राशन सहित हल्द्वानी से पहुंचने वाली रसोई गैस के कई वाहन भी बर्फबारी के चलते जाम में फंसे हैं। जबकि, दैनिक समाचार पत्र भी गैरसैंण क्षेत्र में नहीं पहुंच सके हैं।