अब रात को संचालित हो रहा हॉटमिक्स प्लांट
संवाद सहयोगी गोपेश्वर प्रशासन के निर्देशों के बाद भी बिरही में हॉटमिक्स प्लांट का संचालन रात को चल रहा है।
संवाद सहयोगी, गोपेश्वर :
प्रशासन के निर्देशों के बाद भी बिरही में हॉटमिक्स प्लांट का संचालन लगातार किया जा रहा है। अब रात को चोरी छिपे निर्माण कंपनी द्वारा प्लांट का संचालन किया जा रहा है। इससे क्षेत्र में पर्यावरण दूषित होने के साथ लोगों में संक्रमण का भी खतरा बना हुआ है। प्रधान संगठन व क्षेत्र पंचायत संगठन ने हॉटमिक्स प्लांट को तत्काल बंद करने की मांग की है।
बदरीनाथ हाईवे पर इन दिनों चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। इसी कार्य के लिए एनकेजी कंपनी ने बिरही में हाईवे के किनारे हॉटमिक्स प्लांट लगाया गया है। ग्रामीणों द्वारा लंबे समय से हाटमिक्स प्लांट को यहां से अन्यत्र शिफ्ट किए जाने की मांग की जा रही है। इसको लेकर बीते दिनों चमोली की एसडीएम बुशरा अंसारी ने मौके का निरीक्षण कर हाटमिक्स प्लांट को बंद करने या अन्यत्र संचालित करने के निर्देश निर्माण एजेंसी को दिए थे। जिसके बाद निर्माण एजेंसी ने दिन में तो प्लांट पर कार्य बंद कर दिया है। परंतु रात को चोरी छिपे प्लांट का संचालन किया जा रहा है। प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष मोहन सिंह नेगी, जेष्ठ प्रमुख दशोली पंकज हटवाल ने विरोध दर्ज करते हुए कहा कि प्लांट के संचालन से स्थानीय लोगों में बीमारियों का खतरा बना हुआ है।