शारीरिक दूरी का पालन न करने पर 20 का चालान
बिना मास्क मुख्य बाजार में घूमने वालों पर सख्ती कर 20 से अधिक चालान कर 2000 रुपये अर्थदंड वसूला।
संवाद सूत्र, कर्णप्रयाग: कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए पुलिस प्रशासन ने अभियान चलाकर बिना मास्क मुख्य बाजार में घूमने वालों पर सख्ती कर 20 से अधिक चालान कर 2000 रुपये अर्थदंड वसूला।
नायब तहसीलदार कर्णप्रयाग गिरीश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस व प्रशासन की संयुक्त टीम ने सोमवार पंप परिसर से मुख्य बाजार तक व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए 20 युवक सहित महिलाओं का चालान कर अर्थदंड वसूला। थाना कर्णप्रयाग के उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज ने कहा बीते दो दिन में 78 बिना मास्क व शारीरिक दूरी का पालन न करने वालों का चालान किया गया है बावजूद देखा जा रहा है कि कतिपय बिना जरूरी कार्य बाजार का रूख कर रहे हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपने पाल्यों को बिना मास्क बाजार न भेजने व शारीरिक दूरी का पालन करने की अपील करते हुए कोरोना संक्रमण में सरकार से जारी गाइड लाइन का पालन करने की बात कही।
वहीं नगर पालिका के पर्यावरण मित्रों ने मुख्य बाजार सहित कर्णप्रयाग-नैनीसैंण मोटर मार्ग पर जागरूकता अभियान संचालित कर कीटनाशकों का छिड़काव कर व्यापारिक प्रतिष्ठानों व भवनों को सैनिटाइज किया। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अंकित राणा ने बताया कि बरसात के चलते जगह-जगह जलभराव वाले स्थानों पर सफाई निरीक्षक को कीटनाशक का छिड़काव करने के निर्देश दिए है साथ ही निकासी नाली की सफाई कर स्वच्छता का विशेष ध्यान देने को कहा है।