देवराड़ी देवी से की खुशहाली की कामना
संवाद सूत्र, गौचर: रानीगढ़ क्षेत्र का तीन दिवसीय देवराड़ी देवी मेला मां देवराड़ी देवी की विधि-वि
संवाद सूत्र, गौचर: रानीगढ़ क्षेत्र का तीन दिवसीय देवराड़ी देवी मेला मां देवराड़ी देवी की विधि-विधान से हुई पूजा व रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हो गया। बतौर मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य देवेन्द्र नेगी, गायत्री देवी व सामाजिक कार्यकर्ता वासुदेव सिंह बिष्ट ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले स्कूली बच्चों व महिला मंगल दल के सदस्यों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
मंगलवार को देवल गांव में संपन्न हुए मेले में देवराड़ी देवी ने अपने पश्वा पर अवतरित होकर फल वितरण के साथ आशीर्वाद दिया। वहीं लोगों ने पूजा-अर्चना के साथ देवी मां से क्षेत्र की खुशहाली की कामना भी की। इस मौके पर आयोजित पूजन अनुष्ठान में पुजारियों ने देवी मां को गर्भगृह में विराजित किया। इस मौके पर मंदिर समिति अध्यक्ष पंकज देवली, प्रेम देवली, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष गजेन्द्र नयाल, गजेंद्र नेगी, राजेन्द्र बिष्ट, दिनेश बिष्ट, जगदीश देवली, हीरा सिंह, दिगंबर नेगी, उमेद चौधरी के अलावा क्षेत्र के ग्राम प्रधान, क्षेपंस, पंचायत प्रतिनिधि मौजूद थे।
उधर, क्षेत्र के ईड़ाबधाणी, रिठोली, जाख आदि स्थानों पर नंदापाती का उत्सव धूमधाम से संपन्न हुआ जबकि कपीरी पट्टी के बणसोली में 55 वर्ष बाद आयोजित नंदापाती पूजन के लिए दूर-दराज क्षेत्र से पहुंचे ग्रामीणों ने मां नंदा को श्रृंगार सामग्री अर्पित कर पूजा में भाग लिया।