Uttarakhand Lockdown के दौरान भी खूब चल रहा अवैध शराब का धंधा, पुलिस भी परेशान
चमोली जिले में शराब माफिया का अवैध कारोबार खूब फलफूल रहा है। बाजार में सन्नाटा पसरा हुआ रहता है। लेकिन शराब माफिया के व्यवसाय पर कोई प्रतिबंध नहीं है।
चमोली. जेएनएन। कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए जहां लॉकडाउन चल रहा है। वहीं, शराब माफिया का अवैध कारोबार खूब फलफूल रहा है। आवश्यक वस्तुओं की दुकानें सुबह सात बजे से लेकर एक बजे और बैंक आठ बजे से लेकर दिन के एक बजे तक ही खुल रहे हैं। उसके बाद पूरे बाजार में सन्नाटा पसरा हुआ रहता है। लेकिन, शराब माफिया के व्यवसाय पर कोई प्रतिबंध नहीं है।
लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस निगरानी रखते हुए कड़ी कार्रवाई कर रही है, वहीं शराब तस्करों द्वारा क्षेत्र में खुले आम शराब बेची जा रही है। बताया जा रहा है कि लॉकडाउन का फायदा उठाकर शराब का कारोबार धड़ल्ले से फल-फूल रहा है। इस बात से लोग हैरान हैं कि जगह-जगह पुलिस की चेंकिंग हो रही है। लोगों का आना-जाना बंद है। इस बात पर पुलिस की सख्ती के चलते बाहरी व्यक्तियों को क्वारंटाइन में रख रही है।
पुलिस की सख्ती के बावजूद शराब तस्कर क्षेत्र में गांव-गांव घर-घर शराब को इधर से उधर कैसे पहुंचा रहे है। इस पर प्रशासन की नजर नहीं पड़ रही है। बताते चले कि लॉकडाउन के चलते जनपद के सभी शराब ठेके बंद चल रहे हैं। पोखरी क्षेत्र में राजस्व पुलिस और रेगुलर पूलिस के क्षेत्र में कनकचौंरीं, मोहनखाल, पोखरी, उडामांडा,चांदनीलखाल और हापला क्षेत्र सहित गांवों में खुले आम शराब बिक रही हैं। थानाध्यक्ष मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि उनको ऐसी कोई शिकायत नही मिली है। फिर भी शराब तस्करों व उनसे जुड़े लोगों पर उनकी पूरी निगरानी रहेगी।
तीन पेटी शराब के साथ दो गिरफ्तार
रुद्रप्रयाग जिले के थाना उखीमठ पुलिस ने परकंडी तिराहे के पास चेकिंग के दौरान एक ऑल्टो कार से तीन अंग्रेजी शराब की पेटी के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों व्यक्तियों के खिलाफ आबकारी और आपदा अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वाहन को सीज किया गया। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए पूरे प्रदेश में लॉकडाउन चल रहा है, जिसमें कुछ अराजक तत्वों द्वारा लॉक डाउन का उल्लंघन कर अवैध शराब की तस्करी की जा रही है।
यह भी पढें: लॉकडाउन में ठेके से शराब बेच रहे तीन सेल्समैन गिरफ्तार Dehradun News
ऐसी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एसपी नवनीत सिंह ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को जनपद रुद्रप्रयाग में मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम के लिए अभियान चलाकर वैधानिक कार्रवाई करने के आदेश दिए थे। इसी क्रम में परकंडी तिराहा के पास पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष उखीमठ जहांगीर अली, एसआइ सुरेंद्र सिंह गैरोला, कांस्टेबल राजेश सिंह व रियाज अली शामिल थे।
यह भी पढ़ें: लॉकडाउन के दौरान शराब बेच रहा था पूरा परिवार, तीन गिरफ्तार; एक फरार Haridwar News