गौचर मेला उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गौचर मेले को उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध व्यापारिक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक बताया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, कर्णप्रयाग (चमोली)। गौचर में सात दिवसीय राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेले की शनिवार को भव्य शुरुआत हो गई। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गौचर मेला केवल व्यावसायिक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध व्यापारिक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का जीवंत प्रतीक है।
कहा कि वर्ष 1943 में शुरू हुआ यह मेला उस दौर में ऊन, पश्मीना व जड़ी-बूटियों के कारोबार का केंद्र रहा है और कालांतर में प्रदेश के साथ देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है।
मेले का उद्घाटन मुख्यमंत्री धामी ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास युवाओं को गांव में ही रोजगार उपलब्ध करवाना है, ताकि उन्हें पलायन न करना पड़े। इसके लिए पर्यटन, होमस्टे और फिल्म नीति के साथ सौर स्वरोजगार योजना को आगे बढ़ाया जा रहा है।
चमोली जिले के ऊनी हस्तशिल्प, राजमा, मंडुवा, झंगोरा, शहद और जड़ी-बूटियों को बड़े बाजार तक पहुंचाने के लिए हाउस आफ हिमालयाज ब्रांड शुरू किया गया है, जो अब तक छह करोड़ रुपये का कारोबार कर चुका है। कहा कि चारधाम सड़क परियोजना से बदरीनाथ धाम तक सड़क संपर्क बेहतर हो रहा है और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है। इससे पर्यटन और स्थानीय आर्थिकी को गति मिलेगी।
कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक भूपाल राम टम्टा व अनिल नौटियाल, जिलाधिकारी गौरव कुमार, मेलाधिकारी उपजिलाधिकारी अलकेश नौड़ियाल, जिलाध्यक्ष दिग्पाल सिंह, कुशाल सिंह व गोविंद सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। इससे पूर्व, गौचर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत हुआ।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने उन्हें मेले का शुभंकर भेंट किया। मुख्यमंत्री ने मेले के संस्थापक स्व. गोविंद प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की, जबकि स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
पत्रकार लखेड़ा व लेखक नवानी का सम्मान
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को वर्ष 2026 का गोविंद प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान और वरिष्ठ लेखक कीर्ति नवानी को पंडित महेशानंद नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान प्रदान किया। उन्होंने प्रेस क्लब गौचर की स्मारिका का विमोचन भी किया।
भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रवीर गायत्री ने प्रतीक चिह्न भेंट कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने गौचर में प्रेस क्लब भवन के लिए भूमि का चयन होने पर सहयोग का आश्वासन दिया।
पेयजल योजनाओं का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने दो पेयजल योजनाओं का लोकार्पण भी किया। इनमें गौचर नगरीय पेयजल योजना का निर्माण अमृत 2.0 के तहत 32.45 करोड़ की लागत से हुआ है। जबकि, गैरसैंण नगरीय पेयजल योजना का 459.32 लाख की लागत से सुदृढ़ीकरण किया गया है। इस दौरान उन्होंने सिमली अस्पताल के लिए कमेटी गठित करने के निर्देश भी दिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।