प्रदेश में बूथों का वर्गीकरण करेगी भाजपा
लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
राज्य ब्यूरो, देहरादून: लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस क्रम में पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन रामलाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में लोस चुनाव के लिए कड़ी मेहनत से जुटने को कहा गया। इस अवसर पर चुनाव के मद्देनजर आगामी कार्यक्रम भी तय किए गए। इसके तहत बूथ पर विशेष फोकस करते हुए बूथों का वर्गीकरण जल्द से जल्द करने के निर्देश दिए गए।
लोस चुनाव के संबंध में महामंत्री संगठन रामलाल ने विस्तार से जानकारियां लीं। उन्होंने बूथ पर विशेष ध्यान केंद्रित करने पर जोर देते हुए कहा कि इसके लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। बात समझने की है कि बूथ जीता तो देश जीता। इसके लिए निचले स्तर से लेकर ऊपर स्तर तक के सभी पार्टी नेताओं को जुटना होगा। उन्होंने बूथों का वर्गीकरण जल्द से जल्द करने को भी कहा। उन्होंने चुनाव में जीत के गुर भी सिखाए।
बाद में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने बताया कि बैठक में लोस चुनाव की तैयारियों पर राष्ट्रीय महामंत्री संगठन का मार्गदर्शन मिला। उन्होंने बताया कि इस मौके पर आगामी कार्यक्रमों पर भी चर्चा की गई। बताया कि सात जनवरी को पौड़ी में अटल आयुष्मान योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री करेंगे। इसी प्रकार अन्य लोकसभा सीटों में इस योजना का शुभारंभ किया जाएगा।
भट्ट के मुताबिक नौ जनवरी तक राज्य के सभी बूथों का वर्गीकरण कर दिया जाएगा। बैठक में सोशल मीडिया तक दूर तक पहुंच को देखते हुए इस पर ध्यान देने को कहा गया। इसके लिए सभी विधायक, सांसद, मंडल, जिला स्तर के पदाधिकारियोंको सक्रिय होने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को बूथ स्तर पर सुनने की योजना तय की गई है। इसके लिए सभी सांसद, विधायक और पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में जनता के साथ यह कार्यक्रम सुनेंगे। उन्होंने बताया कि दो मार्च को राज्य में विधानसभावार बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा। दीवार लेखन के कार्य और सेल्फी विद कमल कार्यक्रम में तेजी लाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 11 फरवरी को आजीवन सहयोग निधि समर्पण दिवस विस व जिला स्तर पर आयोजित किया जाएगा। 12 जनवरी से भाजयुमो के कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं।
उन्होने यह भी जानकारी दी कि 11 व 12 जनवरी को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति होगी, जिसमें उत्तराखंड से 300 लोग भाग लेंगे। बैठक में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद भगत सिंह कोश्यारी व डॉ.रमेश पोखरियाल निशंक व सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह के अलावा प्रांतीय पदाधिकारी, विधायक मौजूद रहे।