विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बदरीनाथ धाम डीजे विवाद: DM ने सेना को भेजा नोटिस, कमांडिंग ऑफिसर से मांगा स्पष्टीकरण

Published: Sun, 27 Sep 2026 12:14 PM (IST)

बद्रीनाथ धाम में बिना अनुमति बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम और तेज आवाज वाले साउंड सिस्टम के इस्तेमाल पर चमोली के जिलाधिकारी ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संवाद सहयोगी, गोपेश्वर। बद्रीनाथ धाम में बिना सक्षम प्रशासनिक अनुमति के बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन और तेज आवाज वाले साउंड सिस्टम के इस्तेमाल का मामला सामने आया है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने गढ़वाल स्काउट्स के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल शांतनु को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। डीएम ने भविष्य में इस प्रकार के आयोजन की पुनरावृत्ति न होने देने के निर्देश भी दिए हैं।

उच्च आवाज वाले साउंड सिस्टम का इस्तेमाल

जिलाधिकारी ने नोटिस में कहा है कि विभिन्न संचार माध्यमों और सोशल मीडिया के जरिए उन्हें जानकारी मिली कि श्री बद्रीनाथ धाम में वृहद कल्चरल फेस्टिवल कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में काफी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्र हुई और उच्च आवाज वाले साउंड सिस्टम का इस्तेमाल किया गया। डीएम ने कहा कि श्री बद्रीनाथ धाम धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है और इस पवित्र धाम की उच्चकोटि की धार्मिक एवं आध्यात्मिक गरिमा है।

यह भी पढ़ें- बदरीनाथ धाम में DJ कॉन्सर्ट पर भड़के मुरली मनोहर जोशी, बोले- 'यह पवित्रता पर सीधा आघात'

उन्होंने कहा कि धाम में इस प्रकार के सामूहिक आयोजन और तेज आवाज में साउंड सिस्टम का प्रयोग किए जाने से प्रतिदिन आयोजित होने वाले पूजा-अर्चना कार्यक्रम प्रभावित हो सकते हैं। इससे धार्मिक विद्वानों में अप्रसन्नता की भावना उत्पन्न होने के साथ ही स्थानीय प्रशासन की छवि पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

नोटिस में कमांडिंग ऑफिसर से पूछा गया है कि बद्रीनाथ धाम में इस प्रकार का कार्यक्रम आयोजित किए जाने का क्या औचित्य था और आयोजन के लिए सक्षम स्तर से पूर्व अनुमति प्राप्त की गई थी अथवा नहीं। साथ ही कार्यक्रम में उच्च आवाज वाले साउंड सिस्टम का प्रयोग किन कारणों से किया गया, इसका भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।

डीएम ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में बद्रीनाथ धाम में इस प्रकार के आयोजन की पुनरावृत्ति न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।

यह भी पढ़ें- बदरीनाथ धाम में सांस्कृतिक कार्यक्रम पर गुस्सा बरकरार, पुरोहित महापंचायत ने उठाए सवाल