मौसम ने फिर बदली करवट, आसमान में छाए बादल
मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है और शुक्रवार को धूप-छांव ने लोगों की दुश््वारियां बढ़ा दी हैं।
बागेश्वर, जेएनएन: मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है और शुक्रवार को धूप-छांव ने लोगों को परेशान किया। सुबह कोहरा और रात को पाला गिरने से ठंड बरकरार है। बर्फीली हवाएं चलने से हिमपात वाले इलाके में लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं।
शुक्रवार सुबह शहर और घाटी वाले क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहा। रात को आसमान आमतौर से साफ रहा और पाला गिरा। सुबह हवाएं चलने से ठंड में बढ़ोत्तरी दर्ज किया गई और दिन में धूप खिली लेकिन दोपहर बाद आसमान को बादलों ने घेर लिया। जिससे बारिश के आसार बने हुए हैं। पिडर घाटी क्षेत्र में अभी बर्फ पिघली नहीं है और वहां बर्फीली हवाएं चल रही हैं। यदि आसमान में बादल छाए रहे तो फिर बर्फबारी के आसार बने हुए हैं। बदियाकोट, खाती, खरकिया, समडर, जांतोली, कुंवारी, बाछम, कर्मी, झूनी, खलझूनी समेत तमाम गांवों में अभी भी बर्फ की मोटी चादर है और लोग बर्फ साफ कर दिनचर्या निभा रहे हैं। मवेशियों के चारे की भी किल्लत है इसके अलावा बिजली, संचार और सड़क का भी संकट बना हुआ है। हालांकि देर शाम तक आसमान एक तरफ से साफ होने लगा है। उधर, हिमपात वाले गांवों में लोग ठंड से बचने के लिए गरम कपड़े और अलाव आदि जला रहे हैं। स्थानीय निवासी राजेंद्र सिंह ने बताया कि गत वर्ष फरवरी में मौसम बेहद खुशगवार हो गया था और गर्मी ने दस्तक दे दी थी, लेकिन इस बार मौसम ने लोगों को परेशान कर दिया है। अत्यधिक ठंड होने से लोग बीमार भी पड़ने लगे हैं।