भराड़ी में जलभराव की समस्या से मिलेगी निजात
बागेश्वर जिले के कपकोट नगर पंचायत के भराड़ी वार्ड से पुल बाजार को जोड़ने वाले रास्ते पर जलभराव से हो रही दिक्कत
संवाद सूत्र, कपकोट: नगर पंचायत के भराड़ी वार्ड से पुल बाजार को जोड़ने वाले रास्ते की मरम्मत का काम शुरु हो गया है। लोक निर्माण विभाग इस कार्य को कर रहा है।
भराड़ी बाजार का मुख्य कलमठ चोक होने से परेशानी आ रही थी। लगातार बाजार और बारिश का पानी जमा होने से रास्ते की सुरक्षा दीवार टूट गई थी। रास्ते में मलबा भी जमा हो गया था। कई साल से क्षेत्रवासी रास्ते की मरम्मत के लिए आवाज उठा रहे थे। कई बार व्यापारियों और टैक्सी यूनियन के लोगों ने धरना, प्रदर्शन भी किया। इसके चलते अब विभाग ने रास्ते की सुध ली और सुधारीकरण का काम शुरु करा दिया है। व्यापारियों ने कई बार रास्ते को लेकर नगर पंचायत और लोनिवि के खिलाफ प्रदर्शन किया था। नगर पंचायत के मनोनीत सभासद दयाल ऐठानी ने भी रास्ते पर चल रहे निर्माण कार्य का जायजा लिया। कार्य करा रहे ठेकेदार से गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। इधर जेई वेद प्रकाश ने कहा कि निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। एक पखवाड़े के भीतर कलमठ और सुरक्षा दीवार का काम पूरा करा लिया जाएगा।