उत्तराखंड के हवलदार जगदीश दुबे को मिला सेना मेडल, आतंकवादी को सटीक निशाना बना किया था ढेर
हवलदार जगदीश दुबे को जम्मू-कश्मीर में एक आतंकवादी को मार गिराने के अदम्य साहस के लिए सेना मेडल से सम्मानित ...और पढ़ें

हवलदार जगदीश दुबे। जागरण
HighLights
हवलदार जगदीश दुबे को अदम्य साहस के लिए सेना मेडल मिला
जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी को मार गिराने पर सम्मान
पहली बटालियन पैराशूट रेजिमेंट (स्पेशल फोर्स) में तैनात हैं
जागरण संवाददाता, गरुड़। विकासखंड के सिल्ली गांव निवासी हवलदार जगदीश दुबे पुत्र नरोत्तम दुबे ने अपने अदम्य साहस और पराक्रम से क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। पहली बटालियन पैराशूट रेजिमेंट (स्पेशल फोर्स) में तैनात हवलदार दुबे को उनके उत्कृष्ट शौर्य के लिए सेना मेडल से सम्मानित किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 24 जून 2024 को जम्मू-कश्मीर में चलाए जा रहे एक सर्च आपरेशन के दौरान हवलदार जगदीश दुबे ने अत्यंत साहस का परिचय देते हुए एक आतंकवादी को नजदीक से सटीक निशाना बनाकर ढेर कर दिया था। उनकी इस वीरता और सूझबूझ से सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली। इस असाधारण पराक्रम के लिए सेना दिवस के अवसर पर जयपुर स्थित दक्षिण पश्चिमी कमांड में आयोजित भव्य समारोह में उन्हें आर्मी चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने सेना मेडल प्रदान किया।
हवलदार जगदीश दुबे की इस उपलब्धि पर उनके पिता नरोत्तम दुबे, माता गंगा देवी दुबे, पत्नी पूजा दुबे, बड़े भाई राजेश दुबे, सेवानिवृत्त खंड शिक्षा अधिकारी जीवन चंद्र दुबे, डा. हेम चंद्र दुबे आदि ग्रामीणों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।
