दो गज की दूरी, मास्क है जरूरी
गरुड़ में कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए बैजनाथ पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है।
संवाद सूत्र, गरुड़ : कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए बैजनाथ पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। पुलिस दो गज की दूरी मास्क है जरूरी संदेश के साथ लोगों को कोरोना से बचने के उपाय भी बता रही है। रविवार को पुलिस ने लोगों को डेढ़ सौ मास्क बांटे।
सर्दियों ने कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे को रोकने के लिए बैजनाथ पुलिस तेजी से जागरूकता अभियान चला रही है। रविवार को बैजनाथ के थानाध्यक्ष पंकज जोशी के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों ने बाजार व डंगोली बाजार में बगैर मास्क के घूम रहे लोगों को मास्क बांटे। उन्होंने लोगों से कहा कि मास्क को अब दैनिक जीवन की आदत में डालें। उन्होंने कहा कि अभी कोरोना थमा नहीं है बल्कि सर्दियों में इसके और भी बढ़ने की संभावना है। ऐसे में सावधानी ही एकमात्र बचने का उपाय है। उन्होंने कहा कि अपनी सुरक्षा अपने हाथ में है। उन्होंने लोगों से हमेशा मास्क पहनने व दो गज की दूरी बनाने की अपील की। उन्होंने लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि अब यदि बाजार में कोई भी बिना मास्क के घूमते व सामान खरीदते नजर आया तो उसका चालान कर जुर्माना वसूला जाएगा। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी तेजी से बढ़ रही है। इससे लोग सतर्कता बरतें बहुत जरूरी हो तभी घर से बाहर निकलें। समय समय पर हाथ धोते रहें। सतर्कता व सावधानी बरत कर ही कोरोना महामारी से बचा जा सकता है। इसमें सबका सहयोग जरूरी है। इस दौरान उप निरीक्षक राजीव उप्रेती, चंद्रप्रकाश बवाड़ी, धीरज जोशी आदि पुलिस कर्मी मौजूद थे।