यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 26, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गरुड़ कौसानी मार्ग पर फिर धंसा ट्रक, घंटों जाम
गरुड़-कौसानी मोटरमार्ग पर एक बार फिर निर्माणाधीन कलमठ में ट्रक धंस गया। जिससे सड़क पर घंटों जाम लग गया। सड़क ...और पढ़ें

संवाद सूत्र, गरुड़ : गरुड़-कौसानी मोटरमार्ग पर एक बार फिर निर्माणाधीन कलमठ में ट्रक धंस गया। जिससे सड़क पर घंटों जाम लग गया। सड़क पर एक सप्ताह में दूसरी घटना से लोगों में गहरा आक्रोश है। लोगों ने जिलाधिकारी से शीघ्र सड़क को दुरस्त कराने व संबंधित ठेकेदार को ब्लैक लिस्टेट करने की मांग है। गुरुवार की रात गरुड़ से कौसानी को जा रहा एक ट्रक लौबांज के पास कलमठ में धंस गया और एक ओर को झुक गया। हालांकि बड़ी दुर्घटना होते-होते टल गई। ट्रक के धंसने से रात से ही सड़क पर जाम लग गया। दोनों ओर गाड़ियों की एक लंबी लाइन लग गई। शुक्रवार को सुबह हल्द्वानी जाने वाली बड़ी गाड़ियां लौबांज से ऊपर नहीं जा पाई। सुबह सब्जी के ट्रक व दूध का वाहन भी गरुड़ बाजार नहीं पहुंच पाए। जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि छोटे वाहन आसानी से पास हो गए। एक सप्ताह पूर्व भी एक ट्रक लौबांज के पास धंस गया था। तब भी दर्जनों यात्री घंटों जाम में फंस गए थे। गत दिनों जिलाधिकारी विनीत कुमार ने भी गरुड़ से कौसानी तक की सड़क का निरीक्षण किया था। डीएम ने ठेकेदार को शीघ्र सड़क को दुरस्त करने के निर्देश दिए थे। जिलाधिकारी के निर्देशों का भी कोई असर धरातल पर नहीं दिख रहा है। कौसानी से बैजनाथ तक पहुंच रहे पर्यटक भी गड्ढा युक्त सड़क में हिचकोले खाकर आ रहे हैं। होटल एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष बबलू नेगी, किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रकाश कोहली, एडवोकेट गिरीश कोरंगा, किसान संगठन के जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद कत्यूरी आदि का कहना है कि दो साल से सड़क पर काम चला है। अभी तक सड़क में काम पूरा नहीं हुआ है। देरी का परिणाम जनता भुगत रही है। उन्होंने डीएम से शीघ्र कौसानी-बैजनाथ सड़क को दुरस्त करने की मांग की है।
