बागेश्वर जिले में तीन सड़कें अभी भी आवागमन के लिए बंद
जागरण संवाददाता बागेश्वर बारिश थमी लेकिन बंद सड़कों पर अभी तक यातायात सुचारु नहीं हो स
जागरण संवाददाता: बागेश्वर: बारिश थमी, लेकिन बंद सड़कों पर अभी तक यातायात सुचारु नहीं हो सका है। अभी भी ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाली तीन सड़कें आवागमन के लिए बंद हैं। इसके अलावा अन्य सड़कों के किनारे मलबा होने से वह भी जानलेवा बनी हुई है।
तोली-बघर, कंधार-रौल्याना तथा कंधार लोहरगड़ी मोटर मार्ग अभी भी बंद हैं। जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की यातायात व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर गई है। करीब तीन हजार लोग सड़क बंद होने से प्रभावित हैं। गांव में उत्पादित फल, सब्जी आदि को बाजार तक लाने में दिक्कत हो रही है। इसके अलावा प्रसव पीड़िताओं और बीमार को लोग डोली से अस्पताल पहुंचा रहे हैं। कंधार-लोहारगड़ी मार्ग एक महीने से बंद है। मार्गों को खोलने के लिए संबंधित विभाग कोई जहमत नहीं उठा रहे हैं। बारिश बंद हुए भी करीब एक सप्ताह से अधिक समय हो गया है। इसके बाद भी मार्ग बंद हैं। इससे लोगों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अब लोगों का विभागों के खिलाफ रोष पनपने लगा है। लोगों ने जल्द मार्ग नहीं खोले जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इधर जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि सड़कों को खोलने का काम युद्धस्तर से चल रहा है।