साइबेरिया से हजारों मील का सफर तय कर उत्तराखंड पहुंची गैडवाल डक, पहली बार असों नदी को बनाया ठिकाना
साइबेरिया और उत्तरी गोलार्ध से प्रवासी गैडवाल डक पहली बार बागेश्वर के कपकोट स्थित असों नदी पहुंची हैं।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
घनश्याम जोशी, बागेश्वर। बागेश्वर के पहाड़ों की शांत वादियां और स्वच्छ जलधाराएं अब विदेशी परिंदों को भी खूब भा रही हैं। हजारों मील का सफर तय कर साइबेरिया और उत्तरी गोलार्ध के ठंडे इलाकों से प्रवासी गैडवाल डक (बत्तख) कपकोट पहुंची हैं।
असों नदी के शांत पानी में इन विदेशी मेहमानों की अठखेलियां इन दिनों प्रकृति प्रेमियों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। खास बात यह है कि कपकोट क्षेत्र में पहली बार गैडवाल डक की मौजूदगी दर्ज की गई है। इनकी आमद से स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह है।
असों नदी को अपना अस्थायी बसेरा बनाया
सर्दियों की दस्तक के साथ ही प्रवासी पक्षियों का अपने अनुकूल ठिकानों की ओर रुख करना शुरू हो जाता है। इसी क्रम में गैडवाल डक ने भी उत्तरी गोलार्ध के बर्फीले क्षेत्रों को छोड़कर असों नदी को अपना अस्थायी बसेरा बनाया है।
नदी का शांत जल, रेतीले तट और आसपास का प्राकृतिक वातावरण इन पक्षियों के अनुकूल है। वन विभाग के अनुसार, इनकी मौजूदगी मार्च तक बनी रहने की संभावना है। इसके बाद मौसम में बदलाव और वसंत ऋतु के आगमन के साथ ये अपने मूल प्रजनन क्षेत्रों की ओर लौट जाएंगी।
सर्दी बढ़ते ही शुरू होता है हजारों मील का सफर
गैडवाल डक मध्यम आकार की प्रवासी बत्तख है। यह पानी की सतह पर तैरते हुए अपना भोजन तलाशती है। पक्षी विशेषज्ञ डा. दीपक कुमार के अनुसार, उत्तरी क्षेत्रों में सितंबर-अक्टूबर के दौरान बर्फबारी और कड़ाके की ठंड बढ़ने लगती है।
ऐसे में ये पक्षी अपेक्षाकृत गर्म क्षेत्रों की ओर प्रवास करते हैं। अक्टूबर-नवंबर में इनके पहुंचने का सिलसिला शुरू होता है और मार्च-अप्रैल में ये वापस अपने मूल ठिकानों की ओर लौट जाती हैं। इस दौरान नदियां और झीलें इनके लिए भोजन और सुरक्षित प्रवास का ठिकाना बनती हैं।
पारिस्थितिकी की सेहत का भी संकेत
प्राकृतिक रूप से समृद्ध असों नदी में विदेशी जलपक्षियों की मौजूदगी केवल आकर्षण का विषय नहीं है, बल्कि इसे क्षेत्र के पारिस्थितिक तंत्र के अनुकूल होने का संकेत भी माना जा रहा है।
स्वच्छ पानी, शांत वातावरण और पर्याप्त प्राकृतिक संसाधन जलीय पक्षियों के प्रवास के लिए महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे में गैडवाल डक का यहां पहुंचना कपकोट के प्राकृतिक वैभव को भी सामने ला रहा है। बर्ड वाचिंग के शौकीनों के लिए भी यह क्षेत्र नया आकर्षण बन सकता है।
कपकोट क्षेत्र की असों नदी में लगभग 12 गैडवाल डक की मौजूदगी पहली बार दर्ज की गई है। यह प्रवासी पक्षी सर्दियों में ठंडे क्षेत्रों से अनुकूल वातावरण की तलाश में यहां पहुंचते हैं। मार्च तक इनके यहां रहने की संभावना है।
इन पक्षियों की सुरक्षा और अनुकूल वातावरण बनाए रखने के लिए वन विभाग की ओर से निगरानी रखी जा रही है। स्थानीय लोगों से भी अपील है कि पक्षियों को किसी तरह परेशान न करें और उनके प्राकृतिक आवास में शांति बनाए रखें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।