शारदीय नवरात्र के पहले दिन उत्तराखंड के मंदिरों में उमड़ी भीड़, बागेश्वर में सरयू में लगाई पावन डुबकी
शारदीय नवरात्र के पहले दिन उत्तराखंड के मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। बागेश्वर में सरयू-गोमती संगम पर श्रद्धालुओं ने स्नान कर पूजा-अर्चना की।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, बागेश्वर । शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को उत्तराखंड के मंदिरों में भक्त दशर्न के लिए उमड़े। बागेश्वर में भोर चार बजे से ही सरयू-गोमती संगम पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई।
सूरजकुंड, राधाकृष्ण मंदिर के समीप संगम, अग्निकुंड और नारदकुंड सहित विभिन्न घाटों पर लोगों ने स्नान कर पूजा-अर्चना की। कपकोट क्षेत्र में बारिश के कारण सरयू का पानी गंदा होने के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था कम नहीं हुई। लोग संगम से कलश में जल भरकर घर ले गए। इस जल से देवी-देवताओं का अभिषेक किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- आज का पंचांग 11 अक्टूबर 2026: शारदीय नवरात्र के पहले दिन बन रहा वैधृति योग, इस मुहूर्त में करें कलश स्थापना
देवी-देवताओं का अभिषेक
नवरात्र के पहले दिन देव मंदिरों में हरेला बोने की भी परंपरा निभाई जाएगी। इसके साथ ही नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के देवी मंदिरों में सुबह से ही पूजा-अर्चना शुरू हो गई। प्रसिद्ध बागनाथ मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिर परिसर में दिन चढ़ने के साथ भीड़ बढ़ती गई।
जिले के अन्य प्रमुख मंदिरों में भी आस्था का सैलाब उमड़ा। गरुड़ स्थित कोट भ्रामरी मंदिर, बैजनाथ मंदिर, भद्रकाली मंदिर, कांडा के कालिका मंदिर और बदियाकोट स्थित मां भगवती मंदिर सहित विभिन्न देवालयों में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। शारदीय नवरात्र के आगाज के साथ ही जिले में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
