बागेश्वर के कई क्षेत्रों में बारिश, तापमान में गिरावट
बागेश्वर समेत गरुड़ तल्ला दानुपर कत्यूर लाहुर घाटी में एक सप्ताह से लगातार बारिश का सिलसिला जारी है।
जागरण टीम, बागेश्वर, गरुड़ : तल्ला दानुपर, कत्यूर, लाहुर घाटी में एक सप्ताह से लगातार बारिश का सिलसिला जारी है। बारिश से जहां उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली है।
शनिवार को बागेश्वर, कपकोट, गरुड़ क्षेत्र में मूसलधार बारिश हुई। सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे। दोपहर बाद जमकर बारिश हुई। बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सामान्य दिनों में इस समय मुख्यालय का तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक रहता था जो अभी 25 डिग्री सेल्सियस है। वहीं रात के समय पारा और गिर रहा है। लोगों को इस बार गर्मी के मौसम में बारिश से काफी राहत मिली है।
वहीं बारिश से फसलों को खासा प्रभावित किया है। धान का कटोरा कहे जाने वाली कत्यूर घाटी में एक सप्ताह से रोज मौसम का मिजाज बदल रहा है। दोपहर बाद बारिश हो रही है। जिससे काश्तकारों को गेहूं काटने व मड़ाई करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई काश्तकारों ने अपनी फसल काट दी है। जो सड़ने के कगार पर पहुंच गई है। उधर लाहूर घाटी में बारिश के साथ ओले गिरने से फसलों व शाक सब्जियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। बारिश से शादी समारोहों में भी लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
विश्व रेडक्रॉस दिवस पर करबला स्थित आईक्यू अस्पताल में गोष्ठी आयोजित की गई। रेडक्रॉस सोसायटी के चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डा. जेसी दुर्गापाल की अध्यक्षता में हुई गोष्ठी में जीन हेनरी ड्यूनेंट का जन्मदिन मनाया गया। इस मौके पर उनके किए गए कार्यो पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि परेशानी में मदद करना ही रेडक्रॉस का सही अर्थ है। इस महामारी के दौर में रेडक्रॉस की भूमिका को अहम बताते हुए डा. दुर्गापाल ने कहा कि हमें एक-दूसरे की मदद को आगे आना चाहिए, यही रेडक्रॉस का उद्देश्य है। गोष्ठी में उपाध्यक्ष गिरीश मल्होत्रा, मनोज सनवाल, मनीष तिवारी, चंद्रमणि भट्ट, रीता दुर्गापाल, पुष्पा सती, मीता उपाध्याय, बालम नेगी, सुंदर लटवाल, नितेज बनकोटी, भास्कर प्रसाद, केशर अधिकारी, भुवन आदि मौजूद रहे।