पिंडारी ग्लेशियर ट्रैकिंग फिर से शुरू, सभी 43 ट्रैकर सुरक्षित
मौसम साफ होने के बाद पिंडारी ग्लेशियर ट्रैकिंग दो दिन बाद फिर से शुरू हो गई है। द्वाली और फुरकिया में रोके गए सभी 43 ट्रैकर सुरक्षित हैं।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, बागेश्वर। बारिश और खराब मौसम के कारण दो दिन रोकी गई पिंडारी ग्लेशियर ट्रैकिंग सोमवार को मौसम साफ होने के बाद पुनः शुरू कर दी गई। द्वाली तथा फुरकिया में रोके गए ट्रैकरों को सुरक्षित स्थान पर रहने के निर्देश दिए गए थे।
वर्तमान में पिंडारी क्षेत्र में देश-विदेश के लगभग 43 ट्रैकर सुरक्षित हैं। मंगलवार को भी मौसम साफ रहने पर ट्रैकिंग गतिविधियों के सामान्य रूप से जारी रहने की संभावना है।
पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक उत्तराखंड के प्रसिद्ध और अपेक्षाकृत आसान हिमालयी ट्रैक में शामिल है, जिसमें सुंदरढूंगा, कफनी तथा पिंडारी ग्लेशियर शामिल हैं। मानसून कमजोर पड़ने के बाद 15 सितंबर से ट्रैकिंग के लिए क्षेत्र खोला गया था, जिसके बाद नियमित रूप से ट्रैकर यहां पहुंच रहे हैं।
उप जिलाधिकारी कपकोट, अनिल चन्याल ने बताया कि मौसम खराब होने और अलर्ट मिलने के बाद ट्रैकरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें दो दिन के लिए द्वाली तथा फुरकिया में सुरक्षित स्थानों पर रोका गया था।
अब मौसम साफ होने के बाद ट्रैकिंग फिर से शुरू हो गई है। उन्होंने बताया कि सभी चिह्नित ट्रैकर सुरक्षित हैं। पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक की व्यवस्था वन विभाग द्वारा की जाती है।
खाती में वन विभाग के कर्मचारी ट्रैकरों का पंजीकरण करते हैं और ट्रैक क्षेत्र में उनकी निगरानी भी की जाती है। पुलिस भी ट्रैकिंग रूट पर जाने वाले पर्यटकों की गतिविधियों पर नजर रखती है।
यह भी पढ़ें- बागेश्वर के असोज में मौसम ने बदले तेवर, ऊंची पहाड़ियों पर हिमपात के कारण अचानक बढ़ी ठंड
यह भी पढ़ें- विदाई की बेला पर देवभूमि में बरसा मानसून, ठंड का एहसास... बागेश्वर में बंद हुआ हाईवे
भविष्य में मौसम को लेकर किसी भी अलर्ट की स्थिति में ट्रैकरों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।
