एएनएम सेंटर में सुविधाएं नहीं होने से लोग नाराज
एएनएम केंद्र काफलीगैर में सुविधा नहीं होने से प्रसव पीड़िताओं की परेशान बढ़ गई है।
जासं, बागेश्वर: एएनएम केंद्र काफलीगैर में सुविधा नहीं होने से प्रसव पीड़िताओं की परेशान बढ़ गई है। जिससे जनप्रतिनिधियों में आक्रोश है। उन्होंने तत्काल सुविधाएं प्रदान करने की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। च्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख पुष्पा रौतेला के नेतृत्व में क्षेत्र के लोगों ने मंगलवार को डीएम से शिकायत की। उन्होंने कहा कि एएनएम सेंटर काफलीगैर में सुविधाएं नहीं हैं। यहां प्रसव भी नहीं कराए जा रहे हैं। यह केंद्र सिर्फ दिखावा मात्र रह गया है। जिस सुविधा के लिए इस केंद्र की स्थापना की गई थी, उसका लाभ क्षेत्र के लोगों को नहीं मिल रहा है।सेंटर से करीब दस ग्राम सभाएं जुड़ी हुईं हैं। जिससे प्रसव पीड़िताओं को मजबूरन प्रसव के लिए 50 से 60 किमी दूर अल्मोड़ा या बागेश्वर जिला अस्पताल का रुख करना पड़ रहा है। जिसमें जानमाल का खतरा है और अतिरिक्त धन की भी बर्बादी हो रही है। उन्होंने कहा कि गरीब परिवार के लिए यह संभव नहीं है। केंद्र में तैनात एएनएम से जानकारी जुटाने पर पता चला कि वहां कई समस्याएं हैं। जिसमें महिला चिकित्सक नहीं है। केंद्र में दवाइयों का अभाव है। फार्मासिस्ट, सफाई कर्मचारी आदि भी नहीं हैं। वैक्सीन के रखरखाव के लिए फ्रीज आदि की कोई व्यवस्था नहीं है। उन्होंने जिलाधिकारी से तत्काल सुविधाएं प्रदान करने की मांग की है। इस मौके पर मुन्नी देवी, महेंद्र प्रसाद, ललिता रौतेला, हंसा रौतेला, बबीता राणा, अर्जुन लाल, रवि करायत, अंजना जोशी, नीमा टम्टा आदि मौजूद थे।