वृद्धा को मिली वृद्धाश्रम में छत
गंगोलीहाट के पठक्यूड़ा गांव निवासी एक बजुर्ग महिला को अब छत मिल जाएगी।
जासं, बागेश्वर: गंगोलीहाट के पठक्यूड़ा गांव निवासी एक बजुर्ग महिला को अब छत मिल जाएगी। वह करीब एक माह से बागनाथ मंदिर परिसर में रह रही थी। स्थानीय व्यापारियों ने बुजुर्ग महिला से पूछताछ की और उपजिलाधिकारी राकेश चंद्र तिवारी को सूचना दी। तहसील प्रशासन हरकत में आया और अब बुजुर्ग महिला को वृद्धाश्रम में रखने का निर्णय लिया गया है।
बागनाथ मंदिर परिसर में गंगोलीहाट के पठक्यूड़ा निवासी 50 वर्षीय वृद्धा पिछले 15 अगस्त से रह रही थी। वह नैनीताल के नौकुचियाताल में किसी के घर में काम करती थी। उसे इसबीच निकाल दिया गया और वह बागेश्वर चली आईं। बागनाथ मंदिर में रहकर वह बाजार से मांग कर भोजन आदि जुटाती रही। इसबीच व्यापारियों की नजर उस पर पड़ गई और उससे पूछताछ की गई। उसने व्यापारियों को आपबीती बयां की तो वह उसकी सेवा में जुट गए। उन्होंने इसकी जानकारी एसडीएम को दी। उपजिलाधिकारी ने बताया कि वृद्धा ने बताया कि उसके पति का निधन हो गया है।उसका एक बेटा था, लेकिन वह भी नहीं रहा। जिसके चलते वह नैनीताल चली गई और वहां नौकुचियाताल में किसी व्यक्ति के घर में काम करने लगी। लॉकडाउन के बाद सभी लोग घरों को लौट आए और उन्हें काम करने वालों की अब जरूरत नहीं थी। उपजिलाधिकारी ने इस प्रकरण पर जिला समाज कल्याण विभाग को पत्र लिखा और गुरुवार को वृद्धा को नीलेश्वर स्थित वृद्धाश्रम में शिफ्ट कर दिया गया। इधर, जिला समाज कल्याण अधिकारी भुवन चंद्र जोशी ने बताया कि उनकी देखरेख के निर्देश संबंधित कर्मचारियों को दिए गए हैं।