आग से नवोदय विद्यालय पर मंडराया खतरा
जागरण संवाददाता बागेश्वर खेतों में जल रही पराली से राजीव गांधी नवोदय विद्यालय बहुली और वही
जागरण संवाददाता, बागेश्वर: खेतों में जल रही पराली से राजीव गांधी नवोदय विद्यालय बहुली और वही पर स्थित गैस गोदाम को खतरा पैदा हो गया है। स्कूल प्रबंधन ने वन विभाग से आग पर नियंत्रण करने की गुहार लगाई है।
शुक्रवार को राजीव गांधी नवोदय विद्यालय के सामने खेतों पर किसी ने पराली जला दी। इसकी आग बढ़ते-बढ़ते स्कूल के सुरक्षा दीवार तक पहुंच गई। जिसके बाद स्कूल प्रबंधन सतर्क हो गया। स्कूल के बगल में ही गैस गोदाम भी है। जिससे खतरा और बढ़ गया है। इस कारण जिला प्रशासन को अवगत कराया गया। लेकिन गैस गोदाम को हटाने की कोई कार्रवाई नही की गई। इधर स्कूल प्रशासन अलर्ट हो गया। उसने आग पर नियंत्रण करने के लिए खुद प्रयास शुरू कर दिए। संबंधित विभाग को भी सूचना दे दी गई है। विद्यालय के प्रधानाचार्य शशि प्रकाश यादव ने बताया कि गर्मी के मौसम में हमेशा ही खतरा रहता है। स्कूल के बगल में गैस गोदाम है। जिससे खतरा और बढ़ जाता है। खेतों में अचानक आग लगने से यह संकट सामने आया।