सातचौरा के समीप मैक्स पेड़ से टकराई, चालक फरार
कांडा से बागेश्वर आ रही मैक्स वाहन सातचौरा के समीप अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।
जागरण संवाददाता, बागेश्वर: कांडा से बागेश्वर आ रही एक मैक्स वाहन सातचौरा के समीप अनियंत्रित होकर पेड़ पर टकरा गई। जिससे बड़ा हादसा टल गया और वाहन चालक वहां से फरार हो गया है। स्थानीय पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। बीती शनिवार की देर रात कांडा से बागेश्वर की तरफ एक मैक्स वाहन आ रही थी। सातचौरा के समीप चालक ने वाहन से नियंत्रण हो दिया। वाहन लहराते हुए दुपहिया वाहनों से टकराया और पेड़ में जाकर रुक गया। जिससे बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने वाहन टकराने की आवाज सुनी और वह नींद से जागे। बाहर अंधेरा होने पर उन्हें कुछ दिखाई नहीं दिया। रविवार की सुबह सड़क किनारे खड़े दुपहिया वाहनों के क्षतिग्रस्त होने पर घटना का पता चला।उन्होंने कहा कि मैक्स वाहन पेड़ से टकरा कर रुक गया। वाहन में सुबह कोई नहीं था। यदि वाहन पेड़ पर नहीं टकराया होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
थानाध्यक्ष प्रहलाद सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। मैक्स वाहन के मालिक से संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभी तक किसी के तरफ से तोड़फोड़ के बारे में कोई तहरीर नहीं आई है।