अड़ौली में पेयजल किल्लत दूर करेगी महिला नौला समिति
बागेश्वर में शहर से सटे गांव अड़ौली में पेयजल की किल्लत बनी हुई है।
जागरण संवाददाता, बागेश्वर: शहर से सटे गांव अड़ौली में पेयजल की किल्लत बनी हुई है। जिसको लेकर अब ग्रामीण महिलाओं ने नौला समिति बनाई है। जिसके तहत पानी का संरक्षण करने का निर्णय लिया है और विभाग को आइना भी दिखाने की शपथ ली गई। उन्होंने नौला, धारों और प्राकृतिक स्त्रोतों की सफाई करने के लिए महिलाओं के संगठन को और अधिक मजबूत बनाने को कहा है।
वन पंचायत सरपंच पूरन सिंह रावल ने कहा कि शहर से सटे अड़ौली और द्यांगण क्षेत्र में पेयजल संकट रहता है। जबकि गांव के लिए योजनाएं बनी हैं। उचित रखरखाव आदि नहीं होने पर पानी के लिए लोगों को प्राकृतिक स्त्रोतों का रुख करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाओं ने अब महिला नौला समिति गठित कर ली है। जिसके तहत जलस्त्रोतों का संरक्षण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दस दिन में नौलों की सफाई की जाएगी। जिसमें रोस्टर के अनुसार ग्रामीणों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। नौलों के आसपास या रास्तों में कपड़े नहीं धोने होंगे। नौले में पूजा सामग्री और फूल आदि भी नहीं डाले जाएंगे। नौले यानि बंद तालाब से पानी निकालने के लिए एक अलग बर्तन होगा। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन नहीं करने वालों पर पांच सौ रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा। जिस पर समिति की महिलाओं ने सहमति जताई और पानी के संरक्षण की शपथ ली। कहा कि पानी का संरक्षण जरूर किया जाएगा। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष बसंती देवी, सचिव सुनता देवी, उपाध्यक्ष राधा देवी, बीना देवी, सुनीता, कमला देवी, कमला पांडे, हेमा जोशी, मंजू देवी, उमा कोरंगा आदि मौजूद थे।