भूस्खलन से घर का आंगन ध्वस्त
संवाद सूत्र धरमघर बारिश और भूस्खलन से क्षेत्र में एक मकान का आंगन धंस गया है और आवासीय
संवाद सूत्र, धरमघर: बारिश और भूस्खलन से क्षेत्र में एक मकान का आंगन धंस गया है और आवासीय घर को खतरा पैदा हो गया है। पीड़ित परिवार ने पड़ोसी के घर में शरण ली है। जबकि गांव के अन्य परिवारों पर भी खतरा मंडराने लगा है। चुचेर के तल्ला ठेली तोक निवासी जगत सिंह कोरंगा के घर के पीछे और साइड में लगातार भूस्खलन हो रहा है। जिससे उनके मकान के आगे का आंगन भूस्खलन की भेंट चढ़ गया है। रात में हुई भारी बारिश के बाद गड़गड़ाहाट की आवाज सुनकर परिवार जाग गया और अफरातफरी मच गई। मकान के आगे से धंसाव होने से परिवार भयभीत हो गया और रात में ही पड़ोसी चंदन सिंह के घर में शरण लेने पहुंचा। उनके साथ परिवार के चार बच्चे और उनकी पत्नी भी शामिल थी। भूस्खलन के उनके मकान को खतरा पैदा हो गया है। इसके अलावा गांव के केदार सिंह के मकान को भी खतरा पैदा हो गया है। हालांकि अभी उन्होंने घर नहीं छोड़ा है। गांव के बीचोंबीच भूस्खलन होने से ग्रामीण दहशत में आ गए हैं। पटवारी मान सिंह टाकुली भूस्खलन से हुए नुकसान का आंकलन करने में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद दी जाएगी और रिपोर्ट जल्द तहसीलदार को सौंपी जाएगी।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप